मोकामा विधानसभा: अनंत सिंह के घर होगा भव्य जश्न, 50,000 लोग शामिल होंगे!,2 लाख मिठाईयों का इंतजाम
बिहार विधानसभा चुनाव का परिणाम 14 नवंबर को आएगा, लेकिन मोकामा विधानसभा सीट से JDU प्रत्याशी और बाहुबली अनंत सिंह के समर्थक पहले ही जश्न के मूड में हैं। समर्थकों का मानना है कि अनंत सिंह की जीत पक्की है। पटना के मॉल रोड स्थित आवास पर बड़े पैमाने पर भोज और जश्न की तैयारियां चल रही हैं। अनंत सिंह ने अपने समर्थकों और शुभचिंतकों को सोशल मीडिया और फेसबुक के माध्यम से निमंत्रण भेजा....
बिहार विधानसभा चुनाव का परिणाम 14 नवंबर को आएगा, लेकिन मोकामा विधानसभा सीट से JDU प्रत्याशी और बाहुबली अनंत सिंह के समर्थक पहले ही जश्न के मूड में हैं। समर्थकों का मानना है कि अनंत सिंह की जीत पक्की है। पटना के मॉल रोड स्थित आवास पर बड़े पैमाने पर भोज और जश्न की तैयारियां चल रही हैं। अनंत सिंह ने अपने समर्थकों और शुभचिंतकों को सोशल मीडिया और फेसबुक के माध्यम से निमंत्रण भेजा है। उनके फेसबुक पेज से एक पोस्ट किया गया, जिसमें लिखा था, 'मोकामा विधानसभा के समस्त एनडीए कार्यकर्ताओं, समर्थकों, शुभचिंतकों के लिए आमंत्रण। आप सभी सादर आमंत्रित हैं। 25 से 30 फिर से नीतीश। 14 नवंबर को भोज होगा।
50 हजार लोगों के बैठने का इंतजाम
23,000 स्क्वायर फीट के क्षेत्र में टेंट-पंडाल लग रहा है। भोज में 50,000 लोगों को खिलाने-पिलाने के लिए व्यवस्था की जा रही है।अनंत सिह के एक समर्थक ने बताया कि "तीन दिन से 25 मजदूर लगातार काम कर रहे हैं। पूरे मैदान को बराबर किया जा रहा है, दो बुलडोजर से काम चल रहा है। एक लाख से ज्यादा बांस मंगाए गए हैं टेंट के लिए। बुधवार को टेंट का काम पूरा कर लिया जाएगा। 23000 वर्ग फीट में पूरा टेंट लगाया जा रहा है। इसमें 50 हजार लोगों के बैठने का इंतजाम किया जाएगा। इसके अलावा भोज वाली जगह पर लाइटिंग की अच्छी व्यवस्था भी की जा रही है।मोकामा के बहुत से लोग यहां तैयारियों में लगे हुए हैं।
2 टैंकर दूध मंगवाया गया है
हलवाइयों की एक बड़ी टीम आज अनंत सिंह के आवास पर पहुंच गई है। पूरी टीम 2 दिन तक 2 लाख रसगुल्ले बनाएगी। मिठाइयां बनाने के लिए 2 टैंकर दूध मंगवाया गया है। जिसकी कीमत 6 लाख होगी। अनंत सिंह के एक अन्य समर्थक बताते हैं कि 13 नवंबर की शाम से भोज का प्रमुख पकवान बनना शुरू होगा। हलवाई पूरी, सब्जी बनाना शुरू करेंगे। रात में तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। सब्जी बनकर सुबह तक स्टोर हो जाएगी। पूरी के लिए आटे तैयार कर लिए जाएंगे।सुबह दस बजे से भोज शुरू हो जाएगा। हलवाई पूरियां तलना शुरू कर देंगे। लोगों को गर्म खाना दिया जाएगा।
एक व्यक्ति को ही हफ्ते में मिलने की अनुमति
सूत्रों के अनुसार, आम कैदियों की तरह अनंत सिंह से भी जेल में केवल एक व्यक्ति को ही हफ्ते में मिलने की अनुमति है, लेकिन इस सीमित मुलाकात के बावजूद समर्थक पूरी व्यवस्था की जानकारी अनंत को दे रहे हैं। आवास, सुरक्षा, खाने-पीने और हर सुविधा की जानकारी अनंत समझ रहे हैं।जानकारी के लिे बता दें कि अनंत सिंह इस समय पटना के बेऊर जेल में बंद हैं। उन पर दुलारचंद यादव हत्याकांड का आरोप है। 1 नवंबर की आधी रात को पटना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पता चला कि अनंत सिंह घटना स्थल पर मौजूद थे।घटना 30 अक्टूबर की दोपहर की है, जब जन सुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी और जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह के समर्थकों के बीच झड़प हो गई थी। इस झड़प में आरजेडी नेता दुलारचंद यादव की मौत हो गई थी।













