दरभंगा के डोनार में लगेगा मखाना प्रोसेसिंग प्लांट, राज्य के इतने युवाओं को मिलेगा रोजगार
पांच साल में एक करोड़ नौकरी-रोजगार का लक्ष्य पूरा करने के लिए एनडीए सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। उद्योग विभाग ने दरभंगा जिले के डोनार में मखाना प्रोसेसिंग इकाई स्थापित करने का निर्णय लिया है। यहां 27.44 करोड़ के निवेश से 300 रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे। 27.44 करोड़ की लागत से विकसित होने वाली यह परियोजना राज्य में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को नई गति प्रदान करेगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
DESWA DESK : पांच साल में एक करोड़ नौकरी-रोजगार का लक्ष्य पूरा करने के लिए एनडीए सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। उद्योग विभाग ने दरभंगा जिले के डोनार में मखाना प्रोसेसिंग इकाई स्थापित करने का निर्णय लिया है। यहां 27.44 करोड़ के निवेश से 300 रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे। 27.44 करोड़ की लागत से विकसित होने वाली यह परियोजना राज्य में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को नई गति प्रदान करेगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस संबंध में बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार की परियोजना समाशोधन समिति की बैठक उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक कुंदन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पात्र आवेदकों को राज्य के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में भूमि एवं प्लग एंड प्ले शेड्स आवंटित करने के प्रस्तावों पर स्वीकृति प्रदान की गई। इसी क्रम में मखाना प्रोसेसिंग इकाई स्थापित करने की स्वीकृति दी गई। यह परियोजना 2.20 एकड़ क्षेत्र में स्थापित की जाएगी, जिसके माध्यम से राज्य में आधुनिक मखाना प्रसंस्करण, पैकेजिंग एवं मूल्य संवर्धन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। प्रस्तावित इकाई से लगभग 300 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है, जिससे स्थानीय युवाओं एवं ग्रामीण समुदायों को आर्थिक रूप से लाभ मिलेगा।
यह परियोजना राज्य के मखाना उद्योग को आधुनिक तकनीक, बेहतर उत्पादन क्षमता एवं राष्ट्रीय.अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाने में सहायता करेगी। उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार राज्य के पारंपरिक एवं कृषि आधारित उद्योगों को आधुनिक औद्योगिक ढांचे से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मिथिला मखाना को वर्ष 2022 में जीआई टैग प्राप्त होना बिहार के लिए गर्व की बात है, जिसने राज्य के मखाना उत्पादकों को एक विशिष्ट पहचान प्रदान की है। वहीं, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार सरकार निवेशकों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।











