बिहार के सभी स्कूलों में अब शनिवार को हाफ-डे : टिफिन के बाद होगी छुट्टी, मुंगेर के असरगंज में सीएम सम्राट चौधरी ने की बड़ी घोषणा

बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों बच्चों और शिक्षकों के लिए बड़ी खबर है। राज्य के सभी स्कूलों में अब शनिवार को पूरे दिन पढ़ाई नहीं होगी, बल्कि हाफ-डे रहेगा। टिफिन ब्रेक के बाद बच्चों की छुट्टी कर दी जाएगी। यह घोषणा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुंगेर जिले के असरगंज में आयोजित एक समारोह के दौरान की।

बिहार के सभी स्कूलों में अब शनिवार को हाफ-डे : टिफिन के बाद होगी छुट्टी, मुंगेर के असरगंज में सीएम सम्राट चौधरी ने की बड़ी घोषणा

DESWA DESK : बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों बच्चों और शिक्षकों के लिए बड़ी खबर है। राज्य के सभी स्कूलों में अब शनिवार को पूरे दिन पढ़ाई नहीं होगी, बल्कि हाफ-डे रहेगा। टिफिन ब्रेक के बाद बच्चों की छुट्टी कर दी जाएगी। यह घोषणा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुंगेर जिले के असरगंज में आयोजित एक समारोह के दौरान की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शनिवार को हाफ-डे करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। हाल ही में समाप्त हुए बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र में भी जनप्रतिनिधियों ने यह मुद्दा उठाया था। जनभावनाओं और केंद्र सरकार की राष्ट्रीय शिक्षा नीति के दिशानिर्देशों को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को इस व्यवस्था को तत्काल लागू करने के निर्देश दे दिए गए हैं। मुख्यमंत्री के इस एलान के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर सरकार के इस फैसले का स्वागत किया।

शिक्षा व्यवस्था के विस्तार पर बोलते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर प्रखंड तक उच्च शिक्षा की पहुंच बनाना है। इसी कड़ी में असरगंज में राज्य के 212वें राजकीय डिग्री कॉलेज का उद्घाटन किया गया है। उन्होंने आगे एलान किया कि आने वाले दिनों में बिहार के सभी बीएड कॉलेजों के परिसर में भी डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

मुंगेर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने तारापुर के लौना स्थित सरस्वती विद्या निकेतन से रिमोट के जरिए दस नए मॉडल विद्यालयों का उद्घाटन किया। इसके साथ ही राज्य में संचालित मॉडल स्कूलों की संख्या 551 से बढ़कर 561 हो गई है। सीएम ने स्पष्ट किया कि इसका दायरा आगे और बढ़ाया जाएगा ताकि बिहार के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े। अपने गृह जिले मुंगेर पहुंचे मुख्यमंत्री का लौना में गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत किया गया। उद्घाटन के बाद सीएम ने सीधे कक्षाओं में जाकर पठन-पाठन की स्थिति का जायजा लिया। 

उन्होंने शिक्षकों से अध्यापन की पद्धतियों पर चर्चा की और छात्रों से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान स्कूली बच्चों द्वारा लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी का भी उन्होंने उत्सुकता से अवलोकन किया और बाल वैज्ञानिकों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के बच्चों को अपने गांव-घर के पास ही पढ़ाई की बेहतरीन सुविधाएं मिले, इसके लिए सरकार मुस्तैदी से काम कर रही है। शिक्षा के साथ-साथ राज्य भर में आधुनिक खेल मैदान और स्पोर्ट्स सुविधाएं विकसित की जा रही हैं ताकि बच्चे खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकें।