टीआरई-4 का रास्ता साफ : इसी हफ्ते बीपीएससी जारी कर सकता है विज्ञापन, 20 हजार से अधिक शिक्षकों की होगी बहाली
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खुद सामान्य प्रशासन विभाग के प्रभारी मंत्री हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि एक से दो दिनों के भीतर मुख्यमंत्री की हरी झंडी मिलते ही नियुक्ति की अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) को भेज दी जाएगी। अधियाचना मिलते ही बीपीएससी शिक्षक बहाली का विज्ञापन जारी कर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर देगा।
DESWA DESK : बिहार के शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी है। चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति (टीआरई-4) प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। शिक्षा विभाग ने सोमवार को टीआरई-4 के तहत बड़े पैमाने पर शिक्षक नियुक्ति का प्रस्ताव सामान्य प्रशासन विभाग को भेज दिया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खुद सामान्य प्रशासन विभाग के प्रभारी मंत्री हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि एक से दो दिनों के भीतर मुख्यमंत्री की हरी झंडी मिलते ही नियुक्ति की अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) को भेज दी जाएगी। अधियाचना मिलते ही बीपीएससी शिक्षक बहाली का विज्ञापन जारी कर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर देगा।
इस चरण में राज्य भर में 20 हजार से अधिक पदों पर शिक्षकों की बहाली होने की संभावना है।
शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी ने आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि विभाग ने प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाते हुए प्रस्ताव सामान्य प्रशासन विभाग को सौंप दिया है।
सरकार की प्राथमिकता है कि नियुक्ति में किसी भी प्रकार का विलंब न हो। उन्होंने बताया कि टीआरई-4 के तहत मुख्य रूप से माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर के शिक्षकों की बड़ी संख्या में बहाली होगी। इसके साथ ही प्राथमिक स्तर के लिए भी बची हुई रिक्तियों को इसमें शामिल किया जा रहा है। अब मुख्यमंत्री सह सामान्य प्रशासन विभाग के मंत्री से प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी मिलेगी।
मंजूरी मिलते ही प्रस्ताव सीधे बिहार लोक सेवा आयोग को भेजा जाएगा। इसके बाद बीपीएससी पदवार और विषयवार रिक्तियों का विस्तृत विज्ञापन जारी कर अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित करेगा। चौथे चरण की इस बहाली से राज्य के अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म होने जा रहा है। आयोग और शिक्षा विभाग दोनों ही इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और त्वरित गति से पूरा करने की तैयारी में जुटा है।