रांची में बैरिकेडिंग तोड़ विधानसभा गेट के समीप पहुंचे उग्र छात्र; पुलिस के किया बल प्रयोग, इलाके में अफरातफरी का माहौल

जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में धांधली, पेपर लीक और पारदर्शी चयन प्रक्रिया की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे हजारों अभ्यर्थियों का प्रदर्शन सोमवार को उग्र हो गया। सुरक्षा घेरा और बैरिकेडिंग तोड़ते हुए उग्र छात्र विधानसभा गेट के बिल्कुल समीप पहुंच गए। स्थिति को बेकाबू होते देख पुलिस को भारी बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।

रांची में बैरिकेडिंग तोड़ विधानसभा गेट के समीप पहुंचे उग्र छात्र; पुलिस के किया बल प्रयोग, इलाके में अफरातफरी का माहौल

DESWA DESK : जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में धांधली, पेपर लीक और पारदर्शी चयन प्रक्रिया की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे हजारों अभ्यर्थियों का प्रदर्शन सोमवार को उग्र हो गया। सुरक्षा घेरा और बैरिकेडिंग तोड़ते हुए उग्र छात्र विधानसभा गेट के बिल्कुल समीप पहुंच गए। स्थिति को बेकाबू होते देख पुलिस को भारी बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।

पूर्व घोषित विधानसभा घेराव कार्यक्रम के तहत राज्यभर से जुटे हजारों छात्र सुबह से ही ओल्ड विधानसभा के पास
एकत्र होने लगे थे। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए छात्र सरकार और परीक्षा एजेंसियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। जगन्नाथपुर और धुरवा मोड़ के पास पुलिस द्वारा लगाए गए मजबूत बैरिकेड्स को छात्रों ने धक्का देकर गिरा दिया और सीधे विधानसभा परिसर की ओर कूच कर गए। छात्रों को विधानसभा गेट के पास रोकने के लिए पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके जवाब में आक्रोशित प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पानी की बोतलें, चप्पलें फेंके गए।

बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई जगहों पर ताबड़तोड़ लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस की लाठियों से कई अभ्यर्थियों को सिर और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। भगदड़ जैसी स्थिति बनने से कई छात्र सड़क पर गिरकर जख्मी हो गए। वहीं छात्रों की ओर से फेंकी गई बोतलों और पत्थरों से कुछ पुलिसकर्मियों के भी चोटिल होने की खबर है। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रदर्शनकारी छात्र जेपीएससी और जेएसएससी की हालिया परीक्षाओं में हुई धांधली की सीबीआई या उच्चस्तरीय न्यायिक जांच की मां कर रहे हैं। साथ ही, दोषियों और पेपर लीक गिरोह पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग पर भी अड़े हुए हैं। वहीं, भविष्य की सभी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कड़ा पारदर्शी कानून लागू करने और लंबित परिणाम जल्द घोषित करने की मांग कर रहे हैं।

रांची प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि उपद्रवियों ने कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने की कोशिश की और सुरक्षा घेरा तोड़कर प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीमित बल प्रयोग आवश्यक हो गया था। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है और विधानसभा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है।