छत पर सो रहे दंपती की गोली मारकर हत्या; सासाराम में दोहरे हत्याकांड से सनसनी, लिव-इन रिलेशन में रहने के बाद रचाई थी शादी
सासाराम के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेदा बस स्टैंड नहर के समीप देर रात अज्ञात अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए घर की छत पर सो रहे दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान ननकी देवी एवं उनके पति मणि भूषण कुमार के रूप में हुई है, जो पश्चिमी चंपारण मूल निवासी थे।
DESWA DESK : सासाराम के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेदा बस स्टैंड नहर के समीप देर रात अज्ञात अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए घर की छत पर सो रहे दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान ननकी देवी एवं उनके पति मणि भूषण कुमार के रूप में हुई है, जो पश्चिमी चंपारण मूल निवासी थे।
घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल हैओ जानकारी के अनुसार, ननकी देवी के पहले पति कृष्णा बिंद की करीब पांच साल पहले बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी। इसके बाद ननकी देवी और मणि भूषण कुमार बेदा मोड़ के पास वेज कॉर्नर (भोजनालय) चलाते थे। दोनों काफी समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे, और बाद में उन्होंने विधिवत शादी कर ली थी।
मृतका के चार बच्चे हैं, जिनमें दो पुत्र अभिषेक कुमार व सन्नी कुमार तथा दो पुत्रियों में एक पुत्री विवाहित एवं दूसरी अविवाहित है। मृतका के पुत्र अभिषेक कुमार ने बताया कि घटना देर रात करीब डेढ़ से दो बजे के आसपास की है। उसने बताया कि अचानक छत से तेज आवाज सुनाई दी। जब उसने कमरे से बाहर निकलने की कोशिश की, तो पता चला कि अपराधियों ने बाहर से दरवाजे की कुंडी बंद कर दी थी। इसी दौरान उसने किसी को छत से नीचे उतरते देखा, लेकिन अपराधी ने उसकी आंखों पर तेज रोशनी (टॉर्च) चमका दी, जिससे वह अंधेरे में किसी को पहचान नहीं सका।
अभिषेक द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण पहुंचे और दरवाजा खोला। छत पर जाने पर देखा गया कि ननकी देवी और मणि भूषण कुमार खून से लथपथ पड़े थे और दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मामले की जानकारी देते हुए सासाराम एसडीपीओ-2 संजीव कुमार ने बताया कि अज्ञात अपराधियों द्वारा दंपती को गोली मारी गई है।
वारदात को अंजाम देने से पहले अपराधियों ने परिजनों के कमरे के दरवाजे में बाहर से कुंडी लगा दिया था, ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद छत पर जाकर दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस और फॉरेंसिक टीम हर पहलू से गहन जांच-पड़ताल कर रही है तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।













