इंडिया vs न्यूजीलैंड फाइनल: 255 रन का धमाका और 96 रनों से जीत,भारत टी-20 में तीसरी बार वर्ल्ड चैंपियन
टी20 क्रिकेट के इतिहास में भारत ने एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है। टीम इंडिया ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर न सिर्फ तीसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, बल्कि लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतकर इतिहास भी रच दिया। भारत अब टी20 वर्ल्ड कप को डिफेंड करने वाला प.....
टी20 क्रिकेट के इतिहास में भारत ने एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है। टीम इंडिया ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर न सिर्फ तीसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, बल्कि लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतकर इतिहास भी रच दिया। भारत अब टी20 वर्ल्ड कप को डिफेंड करने वाला पहला देश बन गया है।अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन ही बना सकी और भारत ने शानदार जीत दर्ज कर ली।
तीन बार चैंपियन बना भारत
इस जीत के साथ भारत टी20 वर्ल्ड कप तीन बार जीतने वाला पहला देश बन गया है। इससे पहले वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दो-दो बार इस टूर्नामेंट के चैंपियन बन चुके हैं। भारत ने इससे पहले 2007 और 2024 में यह खिताब जीता था और अब 2026 में तीसरी बार ट्रॉफी उठाकर नया इतिहास बना दिया।टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। संजू सैमसन ने शानदार 89 रनों की पारी खेली, जो इस वर्ल्ड कप में उनकी लगातार तीसरी अर्धशतकीय पारी रही। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 21 गेंदों में 52 रन बनाए और 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया।ईशान किशन ने भी 25 गेंदों में 54 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इन पारियों की बदौलत भारत ने 255 रन बनाए, जो टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बन गया। इससे पहले 2024 के फाइनल में 176 रन का रिकॉर्ड भी भारत के नाम था।
गेंदबाजों ने किया कमाल
बता दें कि 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही। टिम साइफर्ट ने 52 रन बनाए। कप्तान कप्तान मिचेल सैंटनर ने 43 रन की पारी खेली लेकिन इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया और पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी की , अक्षर पटेल ने 3 विकेट झटके,हार्दिक पांड्या, वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा ने 1-1 विकेट हासिल किया। शानदार बल्लेबाजी और घातक गेंदबाजी के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली और क्रिकेट जगत में एक नई मिसाल कायम कर दी।













