ना दंगा हो..ना फसाद हो..बिहार का CM सिर्फ चिराग हो – पटना में पोस्टर से चर्चा तेज

बिहार की राजनीति इन दिनों तेजी से बदलते घटनाक्रमों के कारण सुर्खियों में है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद अब राज्य में अगले मुख्यमंत्री को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच एनडीए खेमे के भीतर से ही एक नई मांग सामने आई है, जिसने सियासी हलचल और बढ़ा दी है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कार्यकर्ताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष....

ना दंगा हो..ना फसाद हो..बिहार का CM सिर्फ चिराग हो – पटना में पोस्टर से चर्चा तेज

बिहार की राजनीति इन दिनों तेजी से बदलते घटनाक्रमों के कारण सुर्खियों में है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद अब राज्य में अगले मुख्यमंत्री को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच एनडीए खेमे के भीतर से ही एक नई मांग सामने आई है, जिसने सियासी हलचल और बढ़ा दी है।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कार्यकर्ताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठाई है। इस मांग को लेकर पटना में बीजेपी कार्यालय के बाहर एक पोस्टर भी लगाया गया, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की अपील
पोस्टर में साफ तौर पर चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की गई है। इसमें लिखा है—“ना दंगा हो, ना फसाद हो, बिहार का CM सिर्फ चिराग हो। सजाओ इनके सर पर ताज, तभी आएगा बिहार में स्वर्ण काल।”इसके साथ ही पोस्टर में यह संदेश भी दिया गया है कि “मोदी जी का मिला अपने हनुमान को आशीर्वाद, चिराग होंगे बिहार के नए सरताज।” पोस्टर के जरिए यह बताने की कोशिश की गई है कि अगर एनडीए की सरकार बनती है, तो मुख्यमंत्री का चेहरा चिराग पासवान होना चाहिए।

 NDA की होगी सरकार, CM होगा सिर्फ चिराग
पोस्टर में आगे लिखा गया है— “बिहार मांगे चिराग, वक्त अब आ गया है युवा मुख्यमंत्री बनाने का। NDA की होगी सरकार, CM होगा सिर्फ चिराग।”बताया जा रहा है कि यह पोस्टर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के पटना जिला अध्यक्ष इमाम गजाली की ओर से लगाया गया है। पोस्टर सामने आने के बाद बिहार की राजनीति में यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या एनडीए भविष्य में चिराग पासवान को मुख्यमंत्री पद के लिए आगे बढ़ा सकता है।

अरुण भारती ने भी जताई थी इच्छा
इससे पहले भी पार्टी के सांसद अरुण भारती ने सार्वजनिक रूप से चिराग पासवान को मुख्यमंत्री के रूप में देखने की इच्छा जताई थी। कुछ दिन पहले पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री पद को लेकर अंतिम फैसला एनडीए के शीर्ष नेता मिलकर करेंगे।हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि व्यक्तिगत तौर पर वे अपने नेता चिराग पासवान को बिहार के बड़े नेता और राज्य के मुखिया के रूप में देखना चाहते हैं। अरुण भारती के मुताबिक, जिन जिलों का उन्होंने दौरा किया वहां पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच यह मांग लगातार उठ रही है कि आने वाले समय में चिराग पासवान को बिहार की राजनीति में बड़ी जिम्मेदारी दी जाए।