'शोले' फिल्म के वीरू स्टाइल में टावर के शीर्ष पर चढ़ी लड़की, प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी !
राजधानी पटना से सटे नौबतपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर सोमवार को उस समय छावनी में तब्दील हो गया, जब एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की प्यार की खातिर करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। 'शोले' फिल्म के वीरू स्टाइल में टावर के शीर्ष पर पहुंची लड़की अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग पर अड़ गई है। उसने साफ लफ्जों में कह दिया है कि जब तक परिजन इस शादी के लिए लिखित हामी नहीं भरते, वह नीचे नहीं उतरेगी।
DESWA DESK : राजधानी पटना से सटे नौबतपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर सोमवार को उस समय छावनी में तब्दील हो गया, जब एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की प्यार की खातिर करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। 'शोले' फिल्म के वीरू स्टाइल में टावर के शीर्ष पर पहुंची लड़की अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग पर अड़ गई है। उसने साफ लफ्जों में कह दिया है कि जब तक परिजन इस शादी के लिए लिखित हामी नहीं भरते, वह नीचे नहीं उतरेगी।
जब स्थानीय लोगों की नजर अचानक प्रखंड परिसर के पास स्थित मोबाइल टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर पड़ी तो वहां एक लड़की को देख लोगों के होश उड़ गए। देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर हजारों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर लड़की के परिजन भी रोते-बिलखते वहां पहुंचे। नीचे से परिजन और ग्रामीण लगातार उसे सुरक्षित नीचे आने की गुहार लगाते रहे, लेकिन लड़की अपनी जिद पर अड़ी रही।
लड़की ने दो टूक कहा कि जब तक मेरे परिवार वाले प्रेमी के साथ मेरी शादी कराने का पक्का आश्वासन नहीं देंगे, मैं नीचे नहीं उतरूंगी। अगर जबरदस्ती की तो यहां से कूद जाऊंगी। घटना की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए नौबतपुर थाना की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। टावर की ऊंचाई अत्यधिक होने के कारण नीचे से लड़की से संपर्क साधना लगभग असंभव हो रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने तुरंत एक्शन लिया और हाईटेक रणनीति अपनाई। पुलिस ने लड़की तक संपर्क साधने के लिए ड्रोन कैमरे की मदद ली है। ड्रोन के जरिए लड़की तक एक मोबाइल फोन पहुंचाने का प्रयास किया गया, ताकि उससे सीधे बात कर उसकी काउंसलिंग की जा सके और उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए मनाया जा सके। मौके पर फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
नौबतपुर थाना प्रभारी ने कहा कि लड़की काफी ऊंचाई पर है, जिससे सीधे संवाद में दिक्कत आ रही है। हमारी प्राथमिकता लड़की की जान बचाना और उसे सुरक्षित नीचे उतारना है। ड्रोन के माध्यम से संपर्क साधने की कोशिश जारी है। परिजनों के जरिए भी उसे समझाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस बेहद फूंक-फूंक कर कदम रख रही है ताकि लड़की कोई आत्मघाती कदम न उठा ले।













