मटन की जगह चिकेन परोसने पर वैवाहिक स्थल बना रणक्षेत्र, खूब चले लात-घूंसे और लाठी-डंडे, दर्जनभर लोग जख्मी

बिहार के सहरसा जिले में मटन (खस्सी का मीट) खाने का विवाद इतना गहरा गया कि बाराती-सराती के बीच जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते पूरा वैवाहिक स्थल रणक्षेत्र मे तब्दील हो गया और करीब दर्जनभर लोग घायल हो गए। 

मटन की जगह चिकेन परोसने पर वैवाहिक स्थल बना रणक्षेत्र, खूब चले लात-घूंसे और लाठी-डंडे, दर्जनभर लोग जख्मी

DESWA DESK : बिहार के सहरसा जिले में मटन (खस्सी का मीट) खाने का विवाद इतना गहरा गया कि बाराती-सराती के बीच जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते पूरा वैवाहिक स्थल रणक्षेत्र मे तब्दील हो गया और करीब दर्जनभर लोग घायल हो गए। 

बताया जा रहा है कि नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड-12 स्थित बलुआपर निवासी मो. अनवर के पुत्र मो. अब्दुल्ला उर्फ चांद की बारात महिषी प्रखंड के राजनपुर निवासी मो. जाबिर के घर आई थी। 

बारातियों को मटन खिलाने का वादा लड़की पक्ष के लोगों ने किया था, लेकिन निकाह संपन्न के बाद उन्हें मटन की जगह चिकेन परोस दिया गया। इसी बात को लेकर पहले बाराती और सराती पक्ष के बीच नोकझोंक हुई और फिर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। 

इस दौरान दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लात-घूंसे और लाठी-डंडे से हमला बोल दिया।
बारातियों का कहना था कि उन्हें निकाह के बाद मटन यानी खस्सी का मीट खिलाने का वादा किया गया था, लेकिन निकाह संपन्न होने के बाद उनके सामने चिकेन परोस दिया गया।

 दूल्हे के रिश्तेदारों ने जब लड़की पक्ष के सामने इस बात को उठाया तो दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई और देखते ही देखते लात-घूंसे चलने लगे। गुस्से में जिसे जो मिला, उसी से एक दूसरे पर हमला करने लगा और देखते ही देखते यह विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। 

इस दौरान एक युवक ने तलवार निकाल लिया, जिसके बाद वहां भगदड़ मच गई और कई बाराती वहां से भाग निकले। इस घटना में मो. अरमान, अब्बास, आसिफ समेत करीब दर्जनभर लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सिमरी बख्तियारपुर के अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

बाराती पक्ष के लोगों ने सराती पक्ष पर हमला करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब पहले से तय था कि खस्सी का मीट खिलाया जाएगा तो अचानक मुर्गा का मीट क्यों परोसा गया। वहीं, लड़की पक्ष के लोगों का कहना था कि उन्होंने शालीनता से अपनी बात रखते हुए बाराती पक्ष को समझाने की कोशिश की, लेकिन बाराती पक्ष के लोग लड़की पक्ष की मजबूरी समझने को तैयार नहीं थे।

 इसी को लेकर पहले कहासुनी हुई और फिर दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। इस दौरान जमकर लात-घूंसे और लाठी-डंडे चले, जिसमें दर्जनभर लोग घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया।