जमुई में जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी और गुड्डू यादव के ठिकानों पर ईओयू की रेड, घर-दफ्तर की तलाशी, समर्थकों में खलबली

आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने मंगलवार सुबह जमुई जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी और उनके पति सह पूर्व एमएलसी प्रत्याशी गुड्डू यादव के ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की। सिकंदरा स्थित उनके मुख्य आवास समेत अन्य संबंधित परिसरों पर ईओयू की टीमों ने अचानक दबिश दी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जमुई में जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी और गुड्डू यादव के ठिकानों पर ईओयू की रेड, घर-दफ्तर की तलाशी, समर्थकों में खलबली

DESWA DESK : आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने मंगलवार सुबह जमुई जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी और उनके पति सह पूर्व एमएलसी प्रत्याशी गुड्डू यादव के ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की। सिकंदरा स्थित उनके मुख्य आवास समेत अन्य संबंधित परिसरों पर ईओयू की टीमों ने अचानक दबिश दी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

सुबह-सुबह शुरू हुई इस अचानक कार्रवाई के बाद ईओयू की टीम ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम करते हुए पूरे परिसर को सील कर दिया और लोगों के आने.जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी। ईओयू के अधिकारी स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बलों की मौजूदगी में संपत्ति, वित्तीय लेनदेन और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेजों व अन्य डिजिटल अभिलेखों की गहन खंगाल में जुटे हैं।

छापेमारी की खबर फैलते ही सिकंदरा स्थित आवास के बाहर समर्थकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि ईओयू की सख्ती के कारण किसी को भी अंदर जाने की इजाजत नहीं दी गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से जमुई के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। कार्रवाई किस मामले में हुई है, इस पर ईओयू के अधिकारियों ने फिलहाल आधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया है।

 मौके पर मौजूद अधिकारियों का कहना है कि जांच प्रक्रिया जारी है और छापेमारी पूरी होने के बाद ही जब्त सामान, दस्तावेजों और मामले की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। गौरतलब है कि दुलारी देवी जमुई में राजनीति का एक प्रमुख चेहरा हैं और उनके पति गुड्डू यादव पूर्व में एमएलसी का चुनाव लड़ चुके हैं। ऐसे में ईओयू की इस बड़ी कार्रवाई के बाद जिले के राजनीतिक हलके में खलबली मच गई है। हालांकि ईओयू की ओर से इस संबंध में अबतक कोई अधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।