हथियार प्रदर्शन मामले में अनंत सिंह और गुंजन सिंह को राहत, गिरफ्तारी पर रोक

बिहार की राजनीति और भोजपुरी जगत से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह को गोपालगंज की एमपी-एमएलए कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने दोनों की गिरफ्तारी....

हथियार प्रदर्शन मामले में अनंत सिंह और गुंजन सिंह को राहत, गिरफ्तारी पर रोक

बिहार की राजनीति और भोजपुरी जगत से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह को गोपालगंज की एमपी-एमएलए कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने दोनों की गिरफ्तारी पर फिलहाल 5 जून तक रोक लगा दी है। मामले की अगली सुनवाई भी 5 जून को तय की गई है।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह अंतरिम राहत...

गोपालगंज एमपी-एमएलए कोर्ट के न्यायाधीश राजेंद्र कुमार पांडेय ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह अंतरिम राहत प्रदान की। सुनवाई के दौरान मोकामा विधायक अनंत सिंह की ओर से पेश अधिवक्ता राजेश पांडेय ने अदालत को बताया कि मामले से संबंधित फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट अब तक न्यायालय में प्रस्तुत नहीं की गई है।

अगली तारीख तक दोनों की गिरफ्तारी पर रोक लगाने का आदेश

वहीं, राज्य सरकार की ओर से पेश अधिवक्ता ने फॉरेंसिक रिपोर्ट दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की। इसके बाद अदालत ने अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए अगली तारीख तक दोनों की गिरफ्तारी पर रोक लगाने का आदेश दिया।सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से यह भी जानकारी दी गई कि मामले की जांच अब बिहार सीआईडी को सौंप दी गई है। गोपालगंज पुलिस ने जांच से जुड़ी सभी आवश्यक फाइलें सीआईडी को हस्तांतरित कर दी हैं।

 वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

दरअसल, मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमरांव गांव में 2 और 3 मई को आयोजित जनेऊ संस्कार कार्यक्रम में विधायक अनंत सिंह, भोजपुरी गायक गुंजन सिंह के निमंत्रण पर पहुंचे थे। इसी दौरान कार्यक्रम में कथित तौर पर समर्थकों द्वारा हथियार प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।वीडियो सामने आने के बाद मीरगंज थाना में अनंत सिंह, गुंजन सिंह समेत नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अब इस मामले में सभी की निगाहें 5 जून को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं,