सेक्स रैकेट का विरोध करने वाले युवक की बेरहमी से हत्या, चार दिन बाद अथमलगोला में सड़क किनारे जमीन में दबा मिला बंटी का शव

राजधानी पटना के न्यू करबिगहिया इलाके से चार दिन पहले अगवा किए गए 33 वर्षीय बंटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। शनिवार को अथमलगोला थाना क्षेत्र के फुलैलपुर बाइपास से सटी सड़क किनारे उसका शव बरामद हुआ। हत्यारों ने साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव का सिर और पैर मिट्टी में गाड़ दिया था। परिजनों ने मृतक की पहचान बंटी के रूप में की है। घटना के पीछे इलाके में चल रहे सेक्स रैकेट का विरोध करने का मामला सामने आ रहा है।

सेक्स रैकेट का विरोध करने वाले युवक की बेरहमी से हत्या, चार दिन बाद अथमलगोला में सड़क किनारे जमीन में दबा मिला बंटी का शव

DESWA DESK : राजधानी पटना के न्यू करबिगहिया इलाके से चार दिन पहले अगवा किए गए 33 वर्षीय बंटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। शनिवार को अथमलगोला थाना क्षेत्र के फुलैलपुर बाइपास से सटी सड़क किनारे उसका शव बरामद हुआ। हत्यारों ने साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव का सिर और पैर मिट्टी में गाड़ दिया था। परिजनों ने मृतक की पहचान बंटी के रूप में की है। घटना के पीछे इलाके में चल रहे सेक्स रैकेट का विरोध करने का मामला सामने आ रहा है।

शनिवार को अथमलगोला पुलिस को फुलैलपुर बाइपास के पास एक लावारिस शव होने की सूचना मिली। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो शव की स्थिति देख रोंगटे खड़े हो गए। मृतक का सिर और पैर मिट्टी में धंसा हुआ था और शरीर पर केवल एक बनियान थी। चार दिन बीत जाने के कारण शव पूरी तरह फूल चुका था। बंटी के शरीर के कई हिस्सों पर गहरे नीले निशान मिले हैं, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि हत्या से पहले उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया था। आशंका जताई जा रही है कि बर्बरतापूर्वक पिटाई के बाद गला दबाकर उसकी जान ली गई और फिर शव को मिट्टी से दबा दिया गया।

परिजनों के मुताबिक बंटी सोमवार से ही लापता था। न्यू करबिगहिया इलाके से कुछ दबंगों ने उसका अपहरण कर लिया था। घटना के तुरंत बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई थी। पुलिस टीम पिछले चार दिनों से लगातार बंटी की तलाश में छापेमारी कर रही थी और तकनीकी अनुसंधान का सहारा ले रही थी, लेकिन पुलिस के हाथ कोई पुख्ता सुराग नहीं लगा। शनिवार को अथमलगोला थानाध्यक्ष ने बंटी की हत्या और शव बरामद होने की आधिकारिक पुष्टि की।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार बंटी इलाके में सक्रिय एक सेक्स रैकेट का लगातार विरोध कर रहा था। उसने अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठाई थी, जिससे रैकेट से जुड़े अपराधी उससे खार खाए हुए थे। आशंका है कि इसी रंजिश और अपनी अवैध गतिविधियों में रुकावट बनता देख अपराधियों ने बंटी को रास्ते से हटाने की साजिश रची और सोमवार को मौका पाकर उसका अपहरण कर लिया था।