हाजीपुर में किराना दुकानदार को मारी गोली, बाइक से आए चार अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम
घायल युवक की पहचान मदारपुर गांव निवास आमोद मिश्रा के 22 वर्षीय पुत्र अजय मिश्रा के रूप में हुई है। अजय मिश्रा शनिवार की देर रात अपने घर के पास थे, तभी दो बाइक पर चार की संख्या में आए अपराधियों ने अजय मिश्रा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे अजय मिश्रा के दोनों पैरों में गोली लग गई और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास स्थानीय लोग जुट गए।
DESWA DESK : हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के मदारपुर में शनिवार देर रात दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने किराना दुकानदार को गोली मार कर गभीर रूप से घायल कर दिया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग जुट गए। स्थानीय लोगों ने भाग रहे चार में से दो अपराधियों को दबोच लिया और घटना की सूचना सदर थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सदर थाने की पुलिस ने दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घायल युवक की पहचान मदारपुर गांव निवास आमोद मिश्रा के 22 वर्षीय पुत्र अजय मिश्रा के रूप में हुई है। अजय मिश्रा शनिवार की देर रात अपने घर के पास थे, तभी दो बाइक पर चार की संख्या में आए अपराधियों ने अजय मिश्रा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे अजय मिश्रा के दोनों पैरों में गोली लग गई और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास स्थानीय लोग जुट गए।
स्थानीय लोगों ने भाग रहे चार अपराधियों में से दो को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बता दें कि नौ जुलाई को भी अजय मिश्रा के घर पर अपराधियों ने बम और गोली से हमला किया था, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे। पकड़े गए दोनों अपराधियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। साथ ही, मौके से फरार हुए दोनों अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी कर रही है।
इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मदारपुर गांव निवासी अजय मिश्रा के घर पूजा थी। पूजा समाप्त होने के बाद सभी घर में सो रहे थे। तभी दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने दरवाजे पर सो रहे डीजे संचालक को जगाकर बोला कि अजय मिश्रा को घर से बाहर बुलाओ। इसके बाद अजय मिश्रा अपने भाई के साथ घर से बाहर आए। इस दौरान अपराधियों और अजय मिश्रा के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई और इसी बीच उन्हें गोली मार दी गई।
अजय मिश्रा के पैर में गोली लगी है, जबकि बलवा कुवांरी निवासी दीपक सिंह के पुत्र अमन कुमार को भी गोली लगी है। अमन के एक साथी का सर फट गया है। पुलिस अभिरक्षा में तीनों का इलाज कराया जा रहा है। अमन के दो साथी मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल भी बरामद किया है।