जाले बीडीओ की पत्नी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत: अवैध संबंध का विरोध करने पर हत्या का आरोप..पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाया
दरभंगा जिले के जाले प्रखंड के बीडीओ मनोज कुमार की पत्नी अमृता कुमारी (29) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने बीडीओ पर एक अन्य महिला के साथ अवैध संबंध रखने और इसका विरोध करने पर साजिश के तहत जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। यह सनसनीखेज घटना मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेला कन्हौली मोड़ स्थित उनके आवास पर हुई।
DESWA DESK : दरभंगा जिले के जाले प्रखंड के बीडीओ मनोज कुमार की पत्नी अमृता कुमारी (29) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने बीडीओ पर एक अन्य महिला के साथ अवैध संबंध रखने और इसका विरोध करने पर साजिश के तहत जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। यह सनसनीखेज घटना मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेला कन्हौली मोड़ स्थित उनके आवास पर हुई।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके वाले बदहवास हालत में बेला कन्हौली मोड़ स्थित आवास पर पहुंचे। अमृता के जिंदा होने की उम्मीद में परिजन आनन-फानन में उसे लेकर मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल भागे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की मां ने पुलिस को दिए अपने बयान में दामाद पर संगीन आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि अमृता और मनोज कुमार की शादी साल 2023 में हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही अमृता घरेलू हिंसा का शिकार होने लगी थी। पिछले दो साल से अमृता को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
अमृता इस रिश्ते का कड़ा विरोध करती थी, और इसी वजह से उसे रास्ते से हटाने के लिए जहर देकर मार डाला गया। सदर अस्पताल में शव पहुंचने की जानकारी मिलते ही मिठनपुरा थाने की पुलिस फौरन अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मृतका के परिजनों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर उनके बयान दर्ज कर लिए हैं। मिठनपुरा थानाध्यक्ष ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों के आरोपों और मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है।













