बिहार में 'सुरक्षा और बंगले' पर सियासी घमासान, तेजस्वी का डिप्टी सीएम पर सीधा हमला, 'सम्राट चौधरी चीफ नहीं, चीप मिनिस्टर'

लालू परिवार की सुरक्षा में कटौती और सरकारी बंगले को खाली कराने के नोटिस को लेकर बिहार की सियासत में भूचाल आ गया है। इस विवाद को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सूबे के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर अब तक का सबसे तीखा और सीधा हमला बोला है। मंगलवार को दिल्ली से पटना लौटे तेजस्वी यादव ने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि सम्राट चौधरी 'चीफ' नहीं, 'चीप' मिनिस्टर हैं और वे बेहद चीप राजनीति कर रहे हैं।

बिहार में 'सुरक्षा और बंगले' पर सियासी घमासान, तेजस्वी का डिप्टी सीएम पर सीधा हमला, 'सम्राट चौधरी चीफ नहीं, चीप मिनिस्टर'

DESWA DESK : लालू परिवार की सुरक्षा में कटौती और सरकारी बंगले को खाली कराने के नोटिस को लेकर बिहार की सियासत में भूचाल आ गया है। इस विवाद को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सूबे के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर अब तक का सबसे तीखा और सीधा हमला बोला है। मंगलवार को दिल्ली से पटना लौटे तेजस्वी यादव ने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि सम्राट चौधरी 'चीफ' नहीं, 'चीप' मिनिस्टर हैं और वे बेहद चीप राजनीति कर रहे हैं। वे घृणा और बदले की भावना से काम कर रहे हैं।

बिना एस्कॉर्ट के आवास रवाना हुए तेजस्वी
सम्राट सरकार द्वारा सुरक्षा में कटौती किए जाने के फैसले से लालू परिवार बेहद नाराज है। विरोध स्वरूप पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव ने अपनी पूरी सरकारी सुरक्षा वापस लौटाने का एलान कर दिया है। इस बड़े फैसले के बाद मंगलवार को पटना एयरपोर्ट पर एक अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला, जब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बिना किसी एस्कॉर्ट के ही अपने आवास के लिए रवाना हो गए। आमतौर पर तेजस्वी के काफिले में 5 से 7 पुलिस की गाड़ियां तैनात रहती थीं। इस दौरान एयरपोर्ट पर उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, सांसद मीसा भारती और पत्नी राजश्री भी मौजूद थीं।

'ध्यान भटकाने के लिए चली जा रही चाल'
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर हमला जारी रखते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि मुझे किसी सरकारी सुरक्षा की जरूरत नहीं है। बिहार का सरकारी खजाना खाली हो चुका है, इसलिए इस नाकामी से जनता का ध्यान भटकाने के लिए सुरक्षा कम करने जैसे हथकंडे अपनाए जा रहे हैं, ताकि राज्य में इसी पर चर्चा होती रहे।

2005 से जो नहीं बदला, अब क्यों?
सुरक्षा के साथ-साथ लालू परिवार को मिले सरकारी बंगले को खाली कराने के विवाद पर भी तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि राबड़ी देवी जी का स्टेटस साल 2005 से आज तक नहीं बदला है। वे पूर्व मुख्यमंत्री हैं और उन्हें नियमानुसार बंगला आवंटित है। जब इतने सालों में कुछ नहीं बदला, तो अचानक अब बंगला क्यों खाली कराया जा रहा है? यह साफ तौर पर राजनीतिक द्वेष का मामला है।

गरमाई सूबे की सियासत
लालू परिवार द्वारा सुरक्षा लौटाए जाने और तेजस्वी यादव के 'चीप मिनिस्टर' वाले बयान के बाद बिहार का सियासी पारा चढ़ गया है। सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर जुबानी जंग और तेज होने के आसार हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 'सुरक्षा और सियासत' का यह नया विवाद आने वाले दिनों में सम्राट सरकार और आरजेडी के बीच टकराव को और बढ़ाएगा।