सिवान के गुठनी में सनसनीखेज हत्याकांड : पोता उड़ा ले गया पड़ोसी की पत्नी, गुस्से में शख्स ने दादी को पीट-पीटकर मार डाला

सिवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के डरेला गांव में प्रतिशोध और सनक की एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया है। पड़ोस की महिला को लेकर भागे युवक का सुराग न मिलने से बौखलाए एक शख्स ने युवक की बुजुर्ग दादी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

सिवान के गुठनी में सनसनीखेज हत्याकांड : पोता उड़ा ले गया पड़ोसी की पत्नी, गुस्से में शख्स ने दादी को पीट-पीटकर मार डाला

DESWA DESK : सिवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के डरेला गांव में प्रतिशोध और सनक की एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया है। पड़ोस की महिला को लेकर भागे युवक का सुराग न मिलने से बौखलाए एक शख्स ने युवक की बुजुर्ग दादी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने की नीयत से आरोपी ने शव को एक ईंट-भट्ठे के पास गड्ढे में डालकर ऊपर से ईंटें बिछा दीं। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी मुमताज अहमद ने पूछताछ में जो खुलासा किया, वह चौंकाने वाला है। मुमताज ने बताया कि मेरी पत्नी (गुड़िया) पड़ोस की नजमा खातून के पोते अरमान के साथ भाग गई है। पिछले 51 दिनों से मैं अपनी पत्नी को दर-दर खोज रहा हूं, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल रहा था। बुधवार की सुबह मैंने अरमान की दादी नजमा खातून को रोका और पोते व मेरी पत्नी के बारे में कड़ाई से पूछताछ की। जब उसने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया, तो मेरा आपा खो गया। मैंने उसे तब तक पीटा जब तक उसकी जान नहीं चली गई।

आरोपी ने आगे बताया कि हत्या के बाद वह बुरी तरह डर गया था। पकड़े जाने के खौफ से उसने बुजुर्ग महिला के शव को पास के ही एक ईंट-भट्ठे के गड्ढे में डाल दिया और उसे ईंटों से ढंक दिया ताकि किसी को भनक न लगे। घटना का खुलासा बुधवार की सुबह तब हुआ जब भट्ठा परिसर में काम करने पहुंचे मजदूरों की नजर एक गड्ढे पर पड़ी। गड्ढे में संदिग्ध रूप से ईंटें रखी हुई थीं, जिसके नीचे से महिला का शव दिखाई दे रहा था। भट्ठा कर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस को दी। 

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जब स्थानीय स्तर पर तफ्तीश शुरू की, तो कड़ियां मुमताज अहमद से जाकर जुड़ गईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुमताज को दबोच लिया। मृतका की पहचान गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र (सोनार गली) की रहने वाली नजमा खातून के रूप में की गई है। पुलिस के मुताबिक, नजमा पिछले दो वर्षों से सिवान के गुठनी (डरेला) में अपने बेटे नूर आलम के साथ रह रही थी। नूर आलम यहां मजदूरी करता है और परिवार के साथ किराए के मकान में गुजर-बसर कर रहा था।  इसी दौरान उसके बेटे अरमान का पड़ोस में रहने वाले मुमताज की पत्नी के साथ प्रेम प्रसंग शुरू हुआ और दोनों घर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी मुमताज अहमद को गिरफ्तार कर लिया है।