मधेपुरा जिले के तीन थानाध्यक्षों की मौत, सीएम सम्राट चौधरी ने जताया शोक, बेगूसराय में हुआ दर्दनाक हादसा
बेगूसराय में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन थानाध्यक्ष और कार चालक की मौत हो गई। हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी दुख जताया है। बताया जा रहा है कि साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा स्थित एनएच-31 के पास तेज रफ्तार कार ने ट्रक में पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार पर सवार तीन थानाध्यक्ष, एक गाड़ी चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई।
DESWA DESK : बेगूसराय में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन थानाध्यक्ष और कार चालक की मौत हो गई। हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी दुख जताया है। बताया जा रहा है कि साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा स्थित एनएच-31 के पास तेज रफ्तार कार ने ट्रक में पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार पर सवार तीन थानाध्यक्ष, एक गाड़ी चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई।
इस घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय एसपी मनीष कुमार एवं सदर डीएसपी आनंद पांडेय सहित भारी संख्या में पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मृतकों की पहचान रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार, आरर थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र एवं प्राइवेट कार चालक ज्योतिष कुमार के रूप में हुई है।
हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट अपने शोक संदेश में कहा है कि 'बेगूसराय में हुए भीषण सड़क हादसे में तीन थाना प्रभारियों एवं वाहन चालक के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। यह अपूरणीय क्षति पूरे पुलिस परिवार के लिए गहरा आघात है। दिवंगत आत्माओं की चिर शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना करता हूं तथा शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। इस दुःख की घड़ी में बिहार सरकार शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है।'
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पटना से एकदिवसीय प्रशिक्षण लेकर एक ही गाड़ी पर सवार ये तीनों थानाध्यक्ष मधेपुरा जिला लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दो थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमर एवं नीरज कुमार और ड्राइवर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि एक थाना प्रभारी साजन पासवान को स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में आनन- फानन में सदर अस्पताल बेगूसराय लाया जहां इलाज के दौरान कुछ ही देर के बाद उनकी भी मौत हो गई।
तीन पुलिस अधिकारी समेत चार कि मौत की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। हालांकि इस घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गए। एसपी ने बताया कि देर रात ये एक्सीडेंट हुआ है और इसमें चार लोगों की मौके पर मौत हो गई है, जिसमें तीन पुलिस ऑफिसर्स हैं और एक कार का ड्राइवर है। गाड़ी पटना से मधेपुरा की तरफ जा रही थी। तीन थानेदार मधेपुरा जिले के अलग-अलग थाने में तैनात थे। उन्होंने कहा कि रात 12.30 बजे की घटना है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।













