पश्चिम बंगाल में ‘भगवा’ लहर, सम्राट चौधरी का बड़ा बयान-जहां पैदा हुए श्यामा प्रसाद.. वो बंगाल हमारा है
सम्राट चौधरी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की बढ़त पर खुशी जताते हुए बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। रुझानों में भाजपा को मिल रही भारी बढ़त के बाद बिहार में भी पार्टी..
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के रुझानों ने सियासी तस्वीर लगभग साफ कर दी है। राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बनने की मजबूत संभावना के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस मौके पर बड़ा संदेश देते हुए जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद किया है।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा— “जहां पैदा हुए श्यामा प्रसाद मुखर्जी, वो बंगाल हमारा है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक जनादेश देने के लिए बंगाल की जागरूक और राष्ट्रनिष्ठ जनता का हृदय से कोटि-कोटि अभिनंदन। भारत माता की जय!”
बंगाल में सरकार बनाने की अपील ..
दरअसल, जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जन्म बंगाल में हुआ था, जबकि उनका निधन कश्मीर में हुआ था। भाजपा लंबे समय से उनके विचारों को बंगाल की राजनीति से जोड़कर देखती रही है। यही वजह रही कि चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने भी लगातार बंगाल में सरकार बनाने की अपील की थी।
क्या कहते हैं रुझान?
2026 के विधानसभा चुनाव के ताजा रुझान साफ संकेत दे रहे हैं कि पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन की तस्वीर बनती दिख रही है। चुनाव आयोग के दोपहर 2 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, 294 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा 192 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि टीएमसी 94 सीटों पर आगे है।अगर ये रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो यह पहली बार होगा जब भाजपा बंगाल में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। इसे न सिर्फ राज्य की राजनीति बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
बिहार में असर
वहीं बंगाल में भाजपा की संभावित जीत को लेकर बिहार में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह चरम पर है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बयान इसी उत्साह और राजनीतिक संदेश को दर्शाता है, जिसमें उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद कर बंगाल की जीत को वैचारिक विजय बताया है।













