पटना में नकली कस्टम अधिकारी बन 17KG सोना लूटा, कारोबारी स्टाफ को बनाया बंधक

बिहार की राजधानी पटना से एक बेहद चौंकाने वाली और सुनियोजित लूट की घटना सामने आई है, जहां अपराधियों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताकर गुजरात के कारोबारी के स्टाफ से करीब 17 किलो सोना लूट लिया। इस वारदात की कीमत 25 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।यह पूरी घटना दानापुर के खगौल थाना क्षेत्र की है। गुजरात के राजकोट निवासी महेश मामतोरा और प्रिंस.....

पटना में नकली कस्टम अधिकारी बन 17KG सोना लूटा, कारोबारी स्टाफ को बनाया बंधक

बिहार की राजधानी पटना से एक बेहद चौंकाने वाली और सुनियोजित लूट की घटना सामने आई है, जहां अपराधियों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताकर गुजरात के कारोबारी के स्टाफ से करीब 17 किलो सोना लूट लिया। इस वारदात की कीमत 25 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।यह पूरी घटना दानापुर के खगौल थाना क्षेत्र की है। गुजरात के राजकोट निवासी महेश मामतोरा और प्रिंस रामपरिया अहमदाबाद से सहरसा एक्सप्रेस के जरिए पटना पहुंचे थे। उनके पास केबीएस एंड संस के मालिक सुनील भाई का करीब 17 किलो सोने का जेवर था, जिसे वे बाकरगंज ले जा रहे थे।दानापुर रेलवे स्टेशन से दोनों ने ऑटो लिया, लेकिन जैसे ही ऑटो खगौल ओवरब्रिज पर पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। घटना शनिवार की है।

कस्टम अधिकारी बनकर किया हमला
करीब 5 से 7 की संख्या में बदमाश, जो सफेद शर्ट और खाकी पैंट में थे, खुद को कस्टम अधिकारी बताते हुए सामने आए। उनके पास पुलिस स्टीकर लगी कार और दो बाइक भी थीं, जिससे वे पूरी तरह असली लग रहे थे।उन्होंने जांच के नाम पर व्यापारियों के बैग अपने कब्जे में ले लिए। इसी दौरान महेश मामतोरा को बंधक बनाकर कार में बैठा लिया गया।महेश के अनुसार, बदमाशों ने उन्हें कुछ देर तक कार में रखा, फिर हाथ बांधकर और चेहरा ढककर सुनसान जगह पर छोड़ दिया। जब उन्हें होश आया तो वे कार में अकेले थे और बदमाश सोने से भरा बैग लेकर फरार हो चुके थे।

पीड़ितों ने क्या बताया?
प्रिंस रामपरिया ने बताया कि बदमाशों की बातचीत और तरीका इतना असली था कि उन्हें शक ही नहीं हुआ। उन्होंने पहले अपने मालिक को फोन किया, जिसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। दूसरे स्टाफ महेश मामतोरा ने बताया, ‘ब्रिज पर एक कार और 2 बाइक पर सवार कुछ लोगों ने हमें घेर लिया। मुझे बंधक बना लिया। सभी सफेद शर्ट और खाकी पैंट में थे।कार में मेरे अलावे तीन लोग थे। कुछ देर बाद मुझे एहसास हुआ कि कार में कोई हलचल नहीं है। गाड़ी नहीं चल रही थी, फिर मैंने किसी तरह से अपने हाथ खोले, नाकाब हटाया, तो खुद को सुनसान जगह में कार के साथ अकेला पाया।

आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं
घटना की सूचना मिलते ही खगौल थाना पुलिस एक्टिव हुई और नौबतपुर रोड से संदिग्ध कार बरामद कर ली गई। जांच में सामने आया कि बदमाश दानापुर स्टेशन से ही दोनों का पीछा कर रहे थे। वारदात में इस्तेमाल कार बलेनो थी, लेकिन उस पर ब्रेजा का नंबर प्लेट लगा था। आशंका है कि कार चोरी की थी। फिलहाल, डीआईयू और एसटीएफ की टीम मामले की जांच में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं खगौल थाना प्रभारी रंजन कुमार ने बताया कि, ‘घटना में इस्तेमाल कार जब्त कर ली गई है। गुजरात स्थित व्यापारी के मालिक सुनील भाई को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद ही लूटे गए सोने की सही मात्रा का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।