पटना में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी के ठिकानों पर SVU की बड़ी कार्रवाई, खिड़की से फेंके नोटों के बंडल; कचरे से 5 लाख बरामद
पटना में आय से अधिक संपत्ति के मामले में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। गुरुवार सुबह टीम ने जैसे ही अधिकारी के घर पर दबिश दी, वे खिड़की से नोटों के बंडल बाहर फेंकने लगे। छापेमारी के दौरान टीम ने कचरे के ढेर से करीब 5 लाख रुपये बरामद किए। अब तक की कार्रवाई में कुल 15 लाख रुपये ................
पटना में आय से अधिक संपत्ति के मामले में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। गुरुवार सुबह टीम ने जैसे ही अधिकारी के घर पर दबिश दी, वे खिड़की से नोटों के बंडल बाहर फेंकने लगे। छापेमारी के दौरान टीम ने कचरे के ढेर से करीब 5 लाख रुपये बरामद किए। अब तक की कार्रवाई में कुल 15 लाख रुपये नकद जब्त किए जा चुके हैं, जबकि जांच अभी जारी है और यह राशि बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
पटना स्थित दो आवासों और कार्यालय में छापेमारी
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMSICL) के डीजीएम (प्रोजेक्ट) पंकज कुमार के खिलाफ की जा रही है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में SVU ने गुरुवार को उनके पटना स्थित दो आवासों और कार्यालय समेत तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।सुबह करीब 8 बजे SVU की टीम पटना के कदमकुंआ स्थित कनिका मैहर अपार्टमेंट पहुंची, जहां पंकज कुमार अपने परिवार के साथ मौजूद थे। तलाशी के दौरान अब तक करीब 96 लाख रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति का पता चला है। इसमें नकद राशि, गहने, जमीन से जुड़े दस्तावेज और अन्य कीमती सामान शामिल हैं। फिलहाल टीम द्वारा बरामद कागजात और संपत्तियों की विस्तृत जांच की जा रही है।
अवैध तरीके से भारी संपत्ति अर्जित
विशेष निगरानी इकाई ने इस मामले में कांड संख्या 10/2026 दर्ज किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, पंकज कुमार ने अपने लगभग 11 वर्षों के सेवा काल में विभिन्न पदों पर रहते हुए कथित रूप से अवैध तरीके से भारी संपत्ति अर्जित की है। आरोप है कि एक लोक सेवक होने के बावजूद उन्होंने भ्रष्टाचार के जरिए लगभग 96 लाख 46 हजार 666 रुपये की ऐसी संपत्ति बनाई, जो उनकी वैध आय के स्रोतों से कहीं अधिक है।छापेमारी के तहत SVU की एक टीम बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के कार्यालय पहुंचकर भी दस्तावेजों की जांच कर रही है। इस टीम का नेतृत्व डीएसपी राजकुमार कर रहे हैं। वहीं पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) स्थित BMSICL कार्यालय में भी निगरानी की दूसरी टीम जांच में जुटी हुई है।
सहायक अभियंता के पद पर नियुक्ति मिली थी
बताया जाता है कि पंकज कुमार मूल रूप से मुजफ्फरपुर के कांटी इलाके के रहने वाले हैं। उन्हें सहायक अभियंता के पद पर नियुक्ति मिली थी और पिछले करीब 11 वर्षों में उन्होंने अलग-अलग पदों पर काम किया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पटना सहित अन्य स्थानों पर उनके और उनके परिवार के नाम पर कई जमीन और फ्लैट हैं। इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 1.39 करोड़ रुपये बताई जा रही है, जिन्हें कथित तौर पर अवैध और भ्रष्ट तरीकों से अर्जित किया गया है।













