प्रेम प्रसंग में खूनी वारदात! मुजफ्फरपुर में महिला की गोली मारकर हत्या

मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। गौड़ा गांव में घर में घुसकर 35 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी..

प्रेम प्रसंग में खूनी वारदात! मुजफ्फरपुर में महिला की गोली मारकर हत्या

मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। गौड़ा गांव में घर में घुसकर 35 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल है, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

गोली लगते ही मीना देवी  घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं

मृतका की पहचान गौड़ा गांव निवासी महेश पासवान की पत्नी मीना देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय मीना देवी अपने दो छोटे बच्चों के साथ कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान गांव का ही रंजीत पासवान घर में घुसा और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही मीना देवी गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।

फायरिंग की आवाज सुनकर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल से तीन खोखे बरामद

घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से तीन खोखे बरामद हुए हैं । पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रंजीत पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे थाने में पूछताछ की जा रही है।

प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद

ग्रामीणों के अनुसार गांव में लंबे समय से प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस प्रेम प्रसंग, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।