मांझी का विपक्ष पर वार—महिला आरक्षण पर राजनीति पड़ेगी भारी, बंगाल में NDA मजबूत
गया में आयोजित जन उद्यम खेल-सांस्कृतिक महोत्सव के मंच से केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने राष्ट्रीय राजनीति के कई अहम मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन ...
गया में आयोजित जन उद्यम खेल-सांस्कृतिक महोत्सव के मंच से केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने राष्ट्रीय राजनीति के कई अहम मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद मांझी ने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए महिला आरक्षण, बंगाल चुनाव और शराबबंदी जैसे विषयों पर अपनी स्पष्ट राय रखी।
देश में फैला भ्रम पूरी तरह खत्म हो चुका है
मांझी ने महिला आरक्षण बिल पर बोलते हुए कहा कि अब इस मुद्दे को लेकर देश में फैला भ्रम पूरी तरह खत्म हो चुका है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि उसके रुख से देश की महिलाएं खुद को उपेक्षित महसूस कर रही हैं। उनका कहना था कि देश की आधी आबादी महिलाओं की है और उनके अधिकारों पर राजनीति करना विपक्ष को भारी पड़ेगा।
एनडीए की स्थिति पहले से अधिक मजबूत
वहीं पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर भी उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा कि राज्य में एनडीए की स्थिति पहले से अधिक मजबूत हो गई है। मांझी के अनुसार, महिलाओं का समर्थन तेजी से एनडीए के पक्ष में बढ़ रहा है, जिसका असर आने वाले चुनावों में साफ दिखाई देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि बंगाल में एनडीए की सरकार बनना तय है।
महिला आरक्षण बिल हर हाल में लागू किया जाएगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए मांझी ने कहा कि महिला आरक्षण बिल हर हाल में लागू किया जाएगा। उन्होंने परिसीमन के मुद्दे को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जनसंख्या के आधार पर संसदीय प्रतिनिधित्व जरूरी है, ताकि आम जनता अपने प्रतिनिधियों तक आसानी से पहुंच सके।वहीं शराबबंदी के मुद्दे पर मांझी ने सम्राट चौधरी को समझदार नेता बताते हुए कहा कि सरकार इस दिशा में संतुलित निर्णय लेने पर विचार कर रही है, ताकि जनता और राजस्व दोनों को नुकसान न हो।













