Patna Hotel Case: पप्पू यादव बोले- सरकार सुरक्षा नहीं दे सकती तो दें हथियार का लाइसेंस
बिहार की राजधानी पटना के रूपसपुर स्थित होटल हाईडेन विला में परीक्षा देने आई बेगूसराय की छात्रा से कथित छेड़खानी और दुष्कर्म के प्रयास के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। पूर्णिया सांसद...
बिहार की राजधानी पटना के रूपसपुर स्थित होटल हाईडेन विला में परीक्षा देने आई बेगूसराय की छात्रा से कथित छेड़खानी और दुष्कर्म के प्रयास के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। पूर्णिया सांसद Rajesh Ranjan ने इस घटना को लेकर बिहार सरकार और राज्य की कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला बोला है।
पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि अगर सरकार बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकती, तो राज्य के हर बेटी के पिता को आत्मरक्षा के लिए हथियार का लाइसेंस दे देना चाहिए। उन्होंने पटना के होटल हाईडेन विला में हुई घटना को शर्मनाक बताते हुए होटल पर बुलडोजर कार्रवाई और संचालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
“सरकार बेटियों को सुरक्षा देने में सक्षम नहीं है
अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, “सरकार बेटियों को सुरक्षा देने में सक्षम नहीं है तो हर बेटी के पिता को हथियार का लाइसेंस दे। कल पटना के होटल हिडेन विला में जो एक बेटी से दुष्कर्म का प्रयास हुआ, उस होटल को ध्वस्त कर उसके संचालक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।”
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक बेगूसराय का एक व्यक्ति अपनी बेटी को पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा दिलाने पटना आया था। पिता और बेटी रूपसपुर इलाके के होटल हाईडेन विला में ठहरे हुए थे। आरोप है कि देर रात होटल का एक कर्मचारी कमरे में घुस गया और छात्रा को जबरन खींचने लगा।
मैनेजर समेत दो अन्य आरोपी फरार
छात्रा के पिता की नींद खुलने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता के पिता ने रूपसपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक होटल कर्मी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि होटल मैनेजर समेत दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।बता दें कि राजधानी पटना में होटल के अंदर छात्रा से कथित छेड़खानी की इस वारदात ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और होटल निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।













