दिल्ली में बिहारी युवक की हत्या पर सियासत गरम, तेजस्वी यादव ने BJP को घेरा
दिल्ली में बिहार के खगड़िया निवासी पांडव कुमार की हत्या के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता Tejashwi Yadav ने...
दिल्ली में बिहार के खगड़िया निवासी पांडव कुमार की हत्या के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पांडव कुमार की हत्या उसकी “बिहारी पहचान” के कारण की गई।तेजस्वी यादव ने कहा कि इस घटना में जहां पांडव कुमार की मौत हो गई, वहीं उसका साथी कृष्ण गंभीर रूप से घायल है और जिंदगी के लिए जंग लड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि देश की राजधानी में इस तरह की घटनाएं कैसे हो रही हैं।
बिहारियों की सुरक्षा के मामले में पार्टी पूरी तरह विफल
RJD नेता ने कहा कि जिस इलाके में यह वारदात हुई, वहां स्थानीय निकाय से लेकर विधायक, सांसद और केंद्र सरकार तक बीजेपी की जिम्मेदारी है। ऐसे में जवाबदेही भी उन्हीं की बनती है।उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहारियों की सुरक्षा के मामले में पार्टी पूरी तरह विफल रही है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि दूसरे राज्यों में काम करने वाले बिहार के लोगों के साथ भेदभाव किया जाता है और उन्हें शक की नजर से देखा जाता है।
दूसरे राज्यों में भी उन्हें सम्मान और सुरक्षा नहीं मिल पाती
तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि बिहार में रोजगार की कमी और नीतिगत विफलताओं के कारण बड़ी संख्या में लोगों को पलायन करना पड़ता है लेकिन दूसरे राज्यों में भी उन्हें सम्मान और सुरक्षा नहीं मिल पाती, जो बेहद चिंताजनक है। वहीं दिल्ली पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जिन पर सुरक्षा की जिम्मेदारी है, उन्हीं पर गंभीर आरोप लगना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इस घटना को बिहारियों के आत्मसम्मान पर हमला बताया।
किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
तेजस्वी यादव ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बिहारियों के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिलना चाहिए।













