बिहार पर कोहरे की चादर, 38 जिलों में अलर्ट जारी, सुबह-शाम सबसे ज्यादा परेशानी
बिहार में ठंड के साथ अब घने कोहरे ने लोगों की दिनचर्या पर असर डालना शुरू कर दिया है। राज्य के कई हिस्सों में सुबह की शुरुआत धुंध और कम दृश्यता के साथ हो रही है। मौसम विभाग ने शनिवार को बिहार के सभी 38 जिलों के लिए कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। राजधानी पटना, जहानाबाद और समस्तीपुर में शनिवार सुबह घना....
बिहार में ठंड के साथ अब घने कोहरे ने लोगों की दिनचर्या पर असर डालना शुरू कर दिया है। राज्य के कई हिस्सों में सुबह की शुरुआत धुंध और कम दृश्यता के साथ हो रही है। मौसम विभाग ने शनिवार को बिहार के सभी 38 जिलों के लिए कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। राजधानी पटना, जहानाबाद और समस्तीपुर में शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा।
कोल्ड डे से राहत, लेकिन कोहरा बना रहेगा चुनौती
मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल बिहार के किसी भी जिले में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनने की संभावना नहीं है। दिन के तापमान में बड़ी गिरावट नहीं होगी और जैसे-जैसे धूप निकलेगी, लोगों को हल्की राहत मिल सकती है।राज्य में सबसे कम तापमान समस्तीपुर में दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सुबह और देर रात कोहरे का प्रभाव सबसे ज्यादा रहेगा।
यातायात पर असर की आशंका
कई जिलों में दृश्यता बेहद कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की संभावना है। खासकर सुबह के समय वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।मौसम विभाग ने बिहार के 15 जिलों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में दृश्यता काफी कम रहने की आशंका है, जिससे जोखिम बढ़ सकता है।
23 जिलों में येलो अलर्ट
राजधानी पटना सहित 23 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। यहां हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है और सुबह के समय ठंड का असर महसूस होगा।मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव फिलहाल कमजोर बना हुआ है। इसी वजह से राज्य में कोल्ड डे की स्थिति नहीं बन रही है। पछुआ हवाओं की गति भी कम है, जिससे दिन के तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं हो रहा।
अगले 48 घंटे तक कोहरे का असर
आसमान साफ रहने और हवा की रफ्तार धीमी होने के कारण रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसी वजह से अगले 24 से 48 घंटे तक बिहार में कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में ठंड का असर बहुत ज्यादा नहीं बढ़ेगा।न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट संभव है। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की उम्मीद है। दिन में धूप से राहत और सुबह-रात ठंड का असर बरकरार रहेगा। वहीं मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि कोहरे के दौरान, खासकर सुबह के समय यात्रा करते वक्त सावधानी बरतें और अनावश्यक जल्दबाजी से बचें।













