राहुल गांधी का एक दिवसीय बिहार दौरा आज, दरभंगा के टाउन हॉल में शिक्षा न्याय यात्रा कार्यक्रम के तहत छात्रों के साथ करेंगे संवाद, देखेंगे "फुले" फिल्म
बिहार में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में कांग्रेस जोर शोर से लगी हुई है। चुनावी वर्ष में कांग्रेस का छात्र-युवाओं पर फोकस है। दलितों को भी साधने की कोशिश की जा रही है। इसी कड़ी में बिहार चुनाव से पहले एक बार फिर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता सह सांसद राहुल गांधी आज यानी 15 मई को बिहार दौरे पर आ रहे हैं। पिछले...

बिहार में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में कांग्रेस जोर शोर से लगी हुई है। चुनावी वर्ष में कांग्रेस का छात्र-युवाओं पर फोकस है। दलितों को भी साधने की कोशिश की जा रही है। इसी कड़ी में बिहार चुनाव से पहले एक बार फिर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता सह सांसद राहुल गांधी आज यानी 15 मई को बिहार दौरे पर आ रहे हैं। पिछले 5 महीने में राहुल गांधी का ये चौथा बिहार दौरा है। आज वह दरभंगा और फिर पटना में रहेंगे। दरभंगा से वह ‘शिक्षा न्याय संवाद’ कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। दरभंगा में नगर भवन में 11 बजे से कार्यक्रम होगा। पहले यह कार्यक्रम अंबेडकर हॉस्टल में होना था, लेकिन अनुमति नहीं मिली।
दलित छात्र-छात्राओं से संवाद करेंगे
बता दें कि शिक्षा न्याय संवाद कार्यक्रम के तहत राहुल गांधी दलित छात्र-छात्राओं से संवाद करेंगे। इसी दौरान कांग्रेस के 60 से ज्यादा राष्ट्रीय स्तर के नेता भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में एक्टिव रहेंगे। ये कॉलेज, विश्वविद्यालय एवं छात्रावासों का दौरा करके छात्रों से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों व युवाओं के बीच शिक्षा के अधिकार और सामाजिक न्याय को लेकर जागरूकता फैलाना है।
राहुल गांधी दोपहर 2 बजे पटना पहुंचेंगे
‘शिक्षा न्याय संवाद’ के माध्यम से कांग्रेस शैक्षणिक सत्र में देरी, प्रश्न पत्र लीक, चरमराती शिक्षा-व्यवस्था जैसे मुद्दों को जोर-शोर से उठाने वाली है। बता दें दरभंगा के कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी दोपहर 2 बजे पटना पहुंचेंगे। पटना में वह ज्योतिबा फुले एवं सावित्रीबाई फुले की जीवनी पर आधारित फुले फिल्म देखेंगे। इसमें पार्टी नेताओं को शामिल होने की अनुमति नहीं है। राहुल गांधी के साथ फिल्म देखने के लिए अलग-अलग संगठनों के करीब 250 लोगों का चयन किया गया है। फिल्म देखने के बाद राहुल गांधी वापस दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
कांग्रेस का नया जनसंपर्क अभियान
दरअसल शिक्षा न्याय संवाद’ कांग्रेस का नया जनसंपर्क अभियान है। इसका मकसद बिहार में शिक्षा व्यवस्था की खराब स्थिति को उजागर करना है। शिक्षा संवाद में मिले फीडबैक के आधार पर कांग्रेस न्याय पत्र तैयार करेगी और ये बिहार चुनाव के मेनिफेस्टो का हिस्सा होगा। कांग्रेस का यह ‘शिक्षा न्याय संवाद’ पहली बार है। इससे पहले कांग्रेस ने आज तक इस तरह का कार्यक्रम नहीं किया है। यह संवाद कार्यक्रम बिहार में डेढ़ महीने चलेगा।