बैरिया बस स्टैंड का कायाकल्प! DM का मास्टर प्लान, अब नहीं होगी भीड़ और जाम की परेशानी
पटना के सबसे व्यस्त और अहम ट्रांजिट पॉइंट्स में शामिल जीरो माइल और पाटलिपुत्र बस टर्मिनल (बैरिया) अब पूरी तरह नए रूप में नजर आने वाले हैं। जिला प्रशासन ने यहां यात्रियों की सुविधा, ट्रैफिक व्यवस्था और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर को ध्यान में रखते हुए एक व्यापक मास्टर प्लान तैयार किया है। पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम की पहल पर तैयार इस प्लान का मकसद बस टर्मिनल को सिर्फ एक ट्रांजिट ....
पटना के सबसे व्यस्त और अहम ट्रांजिट पॉइंट्स में शामिल जीरो माइल और पाटलिपुत्र बस टर्मिनल (बैरिया) अब पूरी तरह नए रूप में नजर आने वाले हैं। जिला प्रशासन ने यहां यात्रियों की सुविधा, ट्रैफिक व्यवस्था और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर को ध्यान में रखते हुए एक व्यापक मास्टर प्लान तैयार किया है।
पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम की पहल पर तैयार इस प्लान का मकसद बस टर्मिनल को सिर्फ एक ट्रांजिट प्वाइंट नहीं, बल्कि आधुनिक सुविधाओं से लैस एक स्मार्ट ट्रैवल हब बनाना है।
पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन को पत्र भेजा जा रहा
सबसे बड़ी राहत ट्रैफिक जाम से मिलने वाली है। बस टर्मिनल के सामने ऑटो की अव्यवस्थित भीड़ को खत्म करने के लिए मेट्रो की खाली जमीन पर एक विशाल ऑटो पड़ाव बनाया जाएगा। इसके लिए पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन को पत्र भेजा जा रहा है। प्रस्तावित पड़ाव में 100 से अधिक ऑटो एक साथ खड़े हो सकेंगे, जिससे मुख्य सड़कें खाली रहेंगी और यात्रियों को आसानी से ऑटो मिल सकेगा।सिर्फ ट्रैफिक ही नहीं, सड़कों की हालत भी सुधारी जाएगी। जीरो माइल से बस टर्मिनल तक जाने वाली मुख्य सड़कें और सर्विस लेन को पूरी तरह दुरुस्त किया जाएगा। साथ ही, पूरे इलाके को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए पटना सदर एसडीओ के नेतृत्व में एक विशेष टास्क फोर्स गठित की गई है, जो लगातार निगरानी और कार्रवाई करेगी।
कई आधुनिक सुविधाएं भी जोड़ी जा रही
यात्रियों के आराम को ध्यान में रखते हुए कई आधुनिक सुविधाएं भी जोड़ी जा रही हैं। बुडको द्वारा तैयार डॉरमेटरी अगले 1–2 हफ्तों में शुरू हो जाएगी, जहां यात्री कम खर्च में आराम कर सकेंगे। भीषण गर्मी को देखते हुए पूरे परिसर में RO आधारित ठंडे पेयजल की व्यवस्था की जा रही है।इसके अलावा टर्मिनल परिसर में बैंक, एटीएम, रेस्टोरेंट और फास्ट फूड आउटलेट भी जल्द शुरू होंगे, जिससे यात्रियों को “होटल जैसी सुविधाएं” एक ही जगह पर मिल सकेंगी। सड़क पार करने के लिए फुट ओवरब्रिज का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और समय की भी बचत होगी।कुल मिलाकर, यह मास्टर प्लान पटना के इस व्यस्त इलाके को एक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक ट्रांसपोर्ट हब में बदलने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।













