बिहार में बेलगाम माफियाओं का आतंक, थाना के सामने चौकीदार की हत्या से मचा हड़कंप

बिहार के नवादा से कानून व्यवस्था को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां बालू और शराब माफियाओं ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए थाना के सामने ही एक चौकीदार की चाकू..

बिहार में बेलगाम माफियाओं का आतंक, थाना के सामने चौकीदार की हत्या से मचा हड़कंप

बिहार के नवादा से कानून व्यवस्था को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां बालू और शराब माफियाओं ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए थाना के सामने ही एक चौकीदार की चाकू मारकर हत्या कर दी। ड्यूटी पर तैनात चौकीदार जितेंद्र पासवान पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ हमला किया, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है और बिहार की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

चाकू से ताबड़तोड़ हमला

जानकारी के मुताबिक देर रात चौकीदार जितेंद्र पासवान ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान बालू माफियाओं से जुड़े बदमाशों ने उन पर अचानक चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात थाना के ठीक सामने हुई, लेकिन अपराधियों ने बेखौफ होकर इस खूनी घटना को अंजाम दिया। हमला होते ही चौकीदार लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल अस्पताल भेजा गया।

पुलिस प्रशासन ने भी उनकी मौत की पुष्टि कर दी

अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन आखिरकार जितेंद्र पासवान जिंदगी की जंग हार गए। पुलिस प्रशासन ने भी उनकी मौत की पुष्टि कर दी है। घटना के बाद इलाके में डर और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नवादा और आसपास के क्षेत्रों में बालू और शराब माफियाओं का नेटवर्क लगातार मजबूत होता जा रहा है और अब अपराधियों में कानून का खौफ लगभग खत्म हो चुका है।

 बिहार की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल

लोगों का आरोप है कि आए दिन पुलिस और प्रशासन पर हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद माफियाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। यही वजह है कि अपराधी खुलेआम पुलिस को चुनौती देने लगे हैं।इस घटना ने बिहार की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब थाना के सामने ड्यूटी पर तैनात चौकीदार सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना लाजिमी है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।