PPP मॉडल पर खुलेंगे चार्जिंग स्टेशन, परिवहन मंत्री दामोदर राऊत का बड़ा ऐलान
बिहार के नए परिवहन मंत्री दामोदर राऊत ने विभाग को रोजगार सृजन का मजबूत माध्यम बनाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इसके लिए दीर्घकालीन कार्ययोजना तैयार की जा रही..
बिहार के नए परिवहन मंत्री दामोदर राऊत ने विभाग को रोजगार सृजन का मजबूत माध्यम बनाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इसके लिए दीर्घकालीन कार्ययोजना तैयार की जा रही है। राज्य में सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों को भविष्य का विकल्प बताते हुए उन्होंने सभी प्रमुख मार्गों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की बात कही।मंत्री बनने के चार दिन बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र जमुई के गिद्दौर जाने के दौरान रविवार को शेखपुरा पहुंचे दामोदर राऊत ने पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने तिरमुहानी दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना की। शेखपुरा सर्किट हाउस सहित कई जगहों पर जदयू और एनडीए कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुख्य सड़कों और प्रमुख मार्गों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करेगी
परिवहन मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पीपीपी मॉडल के तहत मुख्य सड़कों और प्रमुख मार्गों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करेगी, जिससे न सिर्फ लोगों को सुविधा मिलेगी बल्कि बड़ी संख्या में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी तैयार होंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री परिवहन योजना का विस्तार कर गांवों के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की प्रक्रिया शुरू
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और विभाग इस दिशा में गंभीरता से काम कर रहा है, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके। साथ ही परिवहन विभाग को नीचे से ऊपर तक अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।दामोदर राऊत ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जदयू सुप्रीमो नीतीश कुमार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन पर विश्वास कर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने शेखपुरा जिले के जदयू और एनडीए कार्यकर्ताओं को भी स्वागत के लिए धन्यवाद दिया।













