वाहन मालिक सावधान! एक्सपायर डॉक्यूमेंट पर अब सीधे मोबाइल पर आएगा ई-चालान

बिहार में सड़क सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए बिहार...

वाहन मालिक सावधान! एक्सपायर डॉक्यूमेंट पर अब सीधे मोबाइल पर आएगा ई-चालान

बिहार में सड़क सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए बिहार परिवहन विभाग ने एक अहम और दूरदर्शी कदम उठाया है। विभाग ने अपनी आधुनिक ‘ई-डिटेक्शन’ तकनीक का विस्तार करते हुए इसे अब राज्य के 41 टोल प्लाज़ा पर लागू कर दिया है। पहले यह व्यवस्था 31 टोल प्लाज़ा तक सीमित थी, लेकिन अब 10 नए स्थानों को जोड़कर निगरानी दायरा और व्यापक बना दिया गया है।

‎स्वतः ऑनलाइन ई-चालान जारी हो जाएगा

‎नई व्यवस्था के तहत इन 41 टोल प्लाज़ा से गुजरने वाले ऐसे वाहनों का स्वतः ऑनलाइन ई-चालान जारी हो जाएगा, जिनके आवश्यक दस्तावेज अधूरे, अमान्य या एक्सपायर पाए जाएंगे। यदि किसी वाहन का फिटनेस सर्टिफिकेट, बीमा (इंश्योरेंस) या प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) समय पर नवीनीकृत नहीं है, तो सिस्टम बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के तुरंत चालान जनरेट कर देगा। यह ई-चालान सीधे जो वाहन मालिक होंगे उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा।

‎यह ई-डिटेक्शन प्रणाली सेंट्रल व्हीकल रजिस्ट्रेशन डेटाबेस से इंटीग्रेटेड है

‎बता दें कि यह ई-डिटेक्शन प्रणाली सेंट्रल व्हीकल रजिस्ट्रेशन डेटाबेस से इंटीग्रेटेड है, जिसका संचालन नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) द्वारा किया जाता है। टोल प्लाज़ा पर लगे हाई-रिज़ॉल्यूशन कैमरे वाहन की नंबर प्लेट या FASTag को स्कैन करते हैं और संबंधित विवरण को राष्ट्रीय वाहन डेटाबेस से क्रॉस-वेरिफाई करते हैं। यदि कोई दस्तावेज गायब, समाप्त या नियमों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो तुरंत ई-चालान जारी कर दिया जाता है।

‎आवश्यक दस्तावेजों का समय पर रिन्यूअल अत्यंत जरूरी

‎परिवहन सचिव राज कुमार ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के फिटनेस, पॉल्यूशन और इंश्योरेंस प्रमाणपत्र समय पर नवीनीकृत रखें। उन्होंने कहा, “सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और मोटर वाहन नियमों का पालन करने के लिए आवश्यक दस्तावेजों का समय पर रिन्यूअल अत्यंत जरूरी है।” यह पहल न केवल नियमों के पालन को सख्ती से लागू करेगी, बल्कि सड़क सुरक्षा को भी एक नई मजबूती प्रदान करेगी।