लोकसभा में आज वक्फ संशोधन विधेयक किया गया पेश,आरजेडी सुप्रीमो की बिगड़ी तबीयत, डॉक्टरों ने दिल्ली जाने की दी सलाह
लोकसभा में आज बुधवार दोपहर वक्फ संशोधन विधेयक पेश किया गया। इस विधेयक को लेकर देशभर में चर्चाएं हो रही हैं। जहां कई लोग इसका समर्थन कर रहे हैं तो वहीं कई लोग इसका जोरदार विरोध भी कर रहे हैं। वहीं बिहार में भी इसको लेकर राजनीतिक महौल काफी गर्म है। इसी बिच बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तबीयत बिगड़ गई है। बताया जा रहा है कि ब्लड शुगर बढ़ने की वजह से उनकी तबीयत खराब..

लोकसभा में आज बुधवार दोपहर वक्फ संशोधन विधेयक पेश किया गया। इस विधेयक को लेकर देशभर में चर्चाएं हो रही हैं। जहां कई लोग इसका समर्थन कर रहे हैं तो वहीं कई लोग इसका जोरदार विरोध भी कर रहे हैं। वहीं बिहार में भी इसको लेकर राजनीतिक महौल काफी गर्म है। इसी बिच बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तबीयत बिगड़ गई है। बताया जा रहा है कि ब्लड शुगर बढ़ने की वजह से उनकी तबीयत खराब हुई है। पटना में डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली जाने की सलाह दी है। कहा जा रहा है कि किसी भी समय लालू प्रसाद यादव अब दिल्ली के लिए रवाना हो सकते हैं।
ब्लड शुगर के बढ़ने की वजह से आरजेडी सुप्रीमो परेशान
मिली जानकारी के मुताबिक ब्लड शुगर के बढ़ने की वजह से आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव परेशान हैं। इसके चलते बीते दो दिनों से वे बीमार चल रहे हैं। आज (बुधवार) सुबह से उनकी तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई है। ऐसे में राबड़ी आवास पर ही लालू यादव का इलाज किया जा रहा है। राजद सूत्रों की माने तो राजद सुप्रीमो को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया जाएगा। जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा उनका उपचार किया जाएगा। वहीं लालू प्रसाद जल्दी स्वस्थ हो जाएं, इसको लेकर उनके समर्थक लगातार दुआ मांग रहे हैं।
किडनी के ट्रांसप्लांट के बाद लालू स्वस्थ भी थे
गौरतलब हो कि लालू यादव का सिंगापुर में 2022 में किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। लालू प्रसाद यादव की छोटी बेटी रोहिणी आचार्य ने उन्हें किडनी डोनेट की थी। किडनी के ट्रांसप्लांट के बाद लालू स्वस्थ भी थे। वहीं इससे पहले 2014 में उनकी ओपन हार्ट सर्जरी हुई थी। बता दें कि सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट के बाद लालू यादव ना सिर्फ स्वस्थ दिख रहे थे बल्कि वे 2024 के लोकसभा चुनाव में एक्टिव भी थे। वहीं हालफिलहाल पटना के गर्दनीबाग में जब मुस्लिम संगठनों ने वक्फ बिल के खिलाफ प्रदर्शन किया था तो उस वक्त भी कुछ देर के लिए लालू पहुंचे थे। हां उन्होंने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि हमलोग वक्फ बिल के विरोध में हैं। किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। सरकार गलत कर रही है। नीतीश कुमार उन लोगों के साथ हैं, वो इस बिल का समर्थन कर रहे हैं।