बिहार में मौसम का अलर्ट: तेज आंधी-बारिश और वज्रपात की चेतावनी

बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने आज पूरे राज्य के लिए अलर्ट जारी किया है। तेज आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई...

बिहार में मौसम का अलर्ट: तेज आंधी-बारिश और वज्रपात की चेतावनी

बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भीषण गर्मी के बीच अब राहत तो मिली है, लेकिन इसके साथ ही खतरा भी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने पूरे राज्य में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। आने वाले घंटों में मौसम और बिगड़ सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 4 मई को बिहार के कई जिलों में तेज बारिश और तूफान की स्थिति बन सकती है। पटना समेत पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गया, सीवान, बक्सर, सारण, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, भागलपुर, कटिहार, खगड़िया और बेगूसराय में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

 आकाशीय बिजली और वज्रपात का भी खतरा 

मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही आकाशीय बिजली और वज्रपात का भी खतरा बना हुआ है।वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में भी मेघ गर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे

वहीं राजधानी पटना में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।यहां अधिकतम तापमान 32-33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23-24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बता दें कि पिछले 24 घंटों में बिहार का तापमान 28.6 से 37.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों तक राज्य में मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। बीच-बीच में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। बता दें कि रविवार को भी अधिकांश समय बादल छाया रहा। वहीं शहर का अधिकतम तापमान 29.4 और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।