बंगाल के रुझानों से बढ़ा सियासी तापमान, बिहार में कैबिनेट विस्तार की तैयारी तेज

पश्चिम बंगाल की 293 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है, जबकि फालता सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान होना है। शुरुआती रुझानों में बीजेपी को बढ़त मिलती नजर आ रही है। पार्टी करीब 150 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि टीएमसी लगभग 92 सीटों पर बढ़त बनाए...

बंगाल के रुझानों से बढ़ा सियासी तापमान, बिहार में कैबिनेट विस्तार की तैयारी तेज

आज देश की राजनीति के लिए बेहद अहम दिन है। एक तरफ असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में चुनाव परिणाम सामने आ रहे हैं, तो दूसरी ओर बिहार की सियासत में बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। पश्चिम बंगाल में शुरुआती रुझानों ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है, वहीं बिहार में कैबिनेट विस्तार को लेकर हलचल तेज हो गई है।

293 सीटों पर वोटों की गिनती जारी 

बता दें कि पश्चिम बंगाल की 293 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है, जबकि फालता सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान होना है। शुरुआती रुझानों में बीजेपी को बढ़त मिलती नजर आ रही है। पार्टी करीब 150 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि टीएमसी लगभग 92 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी आगे चल रही हैं, जबकि सुवेंदु अधिकारी पीछे नजर आ रहे हैं। वहीं आरजी कर रेप केस से जुड़ी रत्ना देबनाथ भी बढ़त बनाए हुए हैं।

बीजेपी सभी चार सीटों पर आगे

दिलचस्प बात यह है कि जिस इलाके में प्रधानमंत्री ने प्रचार के दौरान झालमुड़ी खाई थी, वहां बीजेपी सभी चार सीटों—झाड़ग्राम, बिनपुर, गोपीबल्लभपुर और नयाग्राम—पर आगे चल रही है। ऐसे में आज का दिन बीजेपी के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह के लिए टेंट लगाए जा रहे 

उधर बिहार में भी सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में कैबिनेट विस्तार की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। राजधानी पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह के लिए टेंट लगाए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम में आम लोगों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है। बता दें कि यह शपथ ग्रहण समारोह 6 मई को आयोजित होगा, जिसके लिए प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं।

वरिष्ठ नेताओं के साथ अहम बैठकें 

हाल ही में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के दिल्ली दौरे के दौरान गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई वरिष्ठ नेताओं से अहम बैठकें हुईं। इन बैठकों में कैबिनेट विस्तार को लेकर अंतिम रूपरेखा तय की गई है।सूत्रों के मुताबिक, यह भी तय हो चुका है कि किस पार्टी के कोटे से कितने मंत्री बनाए जाएंगे।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 6 तारीख को शाम 5 बजे एक अहम कैबिनेट बैठक भी बुलाई है। इस विस्तार को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है, और सभी की नजरें अब इस बड़े घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों के बाद किसी भी समय नई कैबिनेट का ऐलान किया जा सकता है। इसे लेकर पार्टी और सरकार दोनों स्तर पर तैयारियां तेज हैं और सभी की नजरें इस फैसले पर टिकी

 हुई हैं।