प्रत्येक पंचायत में विशेष अभियान चलाकर होगी खेल प्रतिभा की खोज, मुख्यमंत्री बोले-बिहार के खिलाड़ियों को मिलेगा विश्वस्तरीय मंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में खिलाड़ियों के लिए सुनहरे भविष्य का एक नया अध्याय प्रारंभ हुआ है। सरकार ने खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति देकर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान और प्रोत्साहन हर स्तर पर सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बिहार के लिए गौरव का विषय है कि पहली बार किसी खिलाड़ी को डीएसपी जैसे उच्च पद पर नियुक्ति प्रदान की गई है।
DESWA DESK : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में खेल विभाग द्वारा आयोजित बिहार के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मेडल लाओ नौकरी पाओ योजना के तहत नियुक्ति पत्र एवं खेल छात्रवृत्ति के लिए चयन पत्र वित्रण समारोह का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान मेडल लाओ, नौकरी पाओ योजना' के तहत अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों श्री आकाश दीप एवं श्री मुकेश कुमार सहित कुल 19 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया और उन्हें शुभकामनाएं दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में खिलाड़ियों के लिए सुनहरे भविष्य का एक नया अध्याय प्रारंभ हुआ है। सरकार ने खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति देकर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान और प्रोत्साहन हर स्तर पर सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बिहार के लिए गौरव का विषय है कि पहली बार किसी खिलाड़ी को डीएसपी जैसे उच्च पद पर नियुक्ति प्रदान की गई है।
इससे राज्य के युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ेगा तथा वे खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए और अधिक प्रेरित होंगे। राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने तथा उन्हें सम्मानजनक अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाओं और खेल अवसंरचना के विकास पर विशेष बल दे रही है। उन्होंने कहा कि 15 सितंबर से पंचायत स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान एवं खोज अभियान प्रारंभ किया जाएगा। चयनित प्रतिभाओं को व्यवस्थित प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा निखारने का समान अवसर मिल सके।
पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार ने पूरे बिहार में 5 हजार खेल मैदानों के निर्माण का कार्य शत-प्रतिशत पूरा किया है। इसका उद्देश्य गांव-गांव तक खेल संस्कृति का विस्तार करना तथा युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना विकसित करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य हो रहा है। पटना स्थित मोइनुल हक स्टेडियम का पुनर्विकास कराया जा रहा है तथा इसके संचालन की जिम्मेदारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बी०सी०सी०आई०) को सौंपी गई है। लगभग 40 हजार दर्शकों की क्षमता वाला यह स्टेडियम विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित होगा और राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने में सक्षम होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में खेलों को नई पहचान देने के लिए अनेक ऐतिहासिक पहल किये गये हैं। नालंदा में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना की गई है तथा राज्य में तीन अलग-अलग खेलों के विश्व कप स्तर के आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न कराए गए हैं, जिसमें बिहार की धरती पर भारत ने तीनों विश्व कप जीता। उन्होंने कहा कि इन पहलों से बिहार की खेल क्षमता को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। राष्ट्रीय स्तर के खेलों में बिहार नम्बर-1 बने, हमलोगों को ऐसी तैयारी करनी है।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का आह्वान करते हुए कहा कि आपका लक्ष्य केवल पदक जीतना ही नहीं होना चाहिए, बल्कि बिहार को राष्ट्रीय खेलों में देश का अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि बिहार में भी विश्व स्तरीय खेल आयोजन हों और खिलाड़ियों को अपने ही राज्य में उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे पूरी उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में बिहार के खिलाड़ी ओलंपिक, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, विश्व कप तथा आईपीएल जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर राज्य और देश का गौरव बढ़ाएंगे।
राज्य सरकार का संकल्प है कि बिहार को देश की अग्रणी खेल शक्ति बनाया जाए, जहां प्रतिभा को अवसर, संसाधन और सम्मान तीनों समान रूप से उपलब्ध हों। आयोजित कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी मुकेश कुमार एवं आकाश दीप को पुलिस उपाधीक्षक, एथलेटिक्स खिलाड़ी पियूष राज को पुलिस अवर निरीक्षक के पद पर नियुक्ति प्रदान की गयी। इसके अतिरिक्त पांच पैरा खिलाड़ियों सहित विभिन्न खेल विधाओं के अन्य उत्कृष्ट खिलाड़ियों को भी नियुक्तिपत्र प्रदान किए गए।













