पटना शहर से बाहर शिफ्ट होंगे कोचिंग संस्थान, विवाद के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बड़ा फैसला

राजधानी पटना में कोचिंग सेंटरों के चलते लगने वाले जाम और हालिया विवादों पर राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को एक बेहद महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि पटना शहर के भीतर चल रहे कोचिंग संस्थानों को अब शहर से दूर एक अलग और व्यवस्थित जगह (स्पेशल हब) पर शिफ्ट किया जाएगा।

पटना शहर से बाहर शिफ्ट होंगे कोचिंग संस्थान, विवाद के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बड़ा फैसला

DESWA DESK : राजधानी पटना में कोचिंग सेंटरों के चलते लगने वाले जाम और हालिया विवादों पर राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को एक बेहद महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि पटना शहर के भीतर चल रहे कोचिंग संस्थानों को अब शहर से दूर एक अलग और व्यवस्थित जगह (स्पेशल हब) पर शिफ्ट किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह बड़ा फैसला पटना के दो बेहद चर्चित कोचिंग संचालकों फैसल खान उर्फ खान सर और रोशन आनंद सर के बीच हाल ही में उपजे विवाद और उसके बाद बने लॉ एंड ऑर्डर के माहौल के बीच लिया है। नगर विकास एवं आवास विभाग की विभिन्न विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया कि इस कदम का उद्देश्य पटना को 'स्मार्ट' और व्यवस्थित बनाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी कोचिंग संस्थानों को पटना शहर से अलग एक नई जगह दी जाएगी, ताकि उनका एक ही जगह पर एकीकृत केंद्र (कोचिंग हब) स्थापित हो सके। नई टाउनशिप के निर्माण से हमारा पटना शहर स्मार्ट बनेगा और छात्रों को भी एक ही छत के नीचे सारी सुविधाएं मिलेंगी।

सरकार का मानना है कि इस फैसले से मुसल्लहपुर हाट, नया टोला और कदमकुआं जैसे इलाकों में आए दिन लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी। शहर को व्यवस्थित करने की कड़ी में मुख्यमंत्री ने सिर्फ कोचिंग ही नहीं, बल्कि दैनिक बाजारों के लिए भी बड़ा निर्देश जारी किया है। उन्होंने नगर विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पटना के सभी वार्डों में आधुनिक सब्जी हाट का निर्माण किया जाए। इस योजना के तहत एक ही परिसर (हाट) में दूध, ताजी सब्जियां, फल और मछली आदि की बिक्री होगी। मुख्य सड़कों के किनारे लगने वाली अवैध दुकानों और ठेलों को इन हाटों में जगह मिलेगी, जिससे सड़कें चौड़ी और साफ दिखेंगी।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से पटना का कोचिंग मार्केट गर्माया हुआ है। खान जीएस रिसर्च सेंटर के प्रमुख खान सर और ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के रोशन आनंद सर के बीच छात्रों और टेस्ट सीरीज को लेकर शुरू हुआ विवाद सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक आ गया है। दोनों गुटों के छात्रों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई है, जिसने प्रशासन के कान खड़े कर दिए है। 

माना जा रहा है कि सरकार अब इन बड़े कोचिंग सेंटरों के एकाधिकार और उनके चलते शहर की कानून-व्यवस्था व ट्रैफिक पर पड़ने वाले असर को लेकर सख्त मूड में है। इसी के चलते पूरी व्यवस्था को ही पटना शहर से बाहर 'डी-सेंट्रलाइज' करने का ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है। शहर से बाहर 66 हजार एकड़ में बनने वाली टाउनशिप में हॉस्टल, लाइब्रेरी और कोचिंग एक ही जगह होंगे। सड़कों पर गाड़ियों और छात्रों के भारी हुजूम से लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी। हर वार्ड में सब्जी हाट बनने से लोगों को घर के पास ही व्यवस्थित और साफ-सुथरा बाजार मिलेगा।