66 हजार एकड़ में विकसित होगी पाटलिपुत्र सैटेलाइट टाउनशिप, जानिए राजधानी के सौंदर्यीकरण का पूरा प्लान

पटना में 66 हजार एकड़ क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त पाटलिपुत्र नाम से सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएगी। साथ ही, नमामि गंगे परियोजना के तहत घर-घर सीवरेज नेटवर्क की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में रिमोट के माध्यम से नगर विकास एवं आवास विभाग की 286 करोड़ रुपये की लागत से 157 महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इसके अन्तर्गत 239 करोड़ रुपये लागत की 114 योजनाओं का उ‌द्घाटन तथा 47 करोड़ रुपये की 43 योजनाओं का शिलान्यास कार्य शामिल है।

66 हजार एकड़ में विकसित होगी पाटलिपुत्र सैटेलाइट टाउनशिप, जानिए राजधानी के सौंदर्यीकरण का पूरा प्लान

DESWA DESK : पटना में 66 हजार एकड़ क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त पाटलिपुत्र नाम से सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएगी। साथ ही, नमामि गंगे परियोजना के तहत घर-घर सीवरेज नेटवर्क की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में रिमोट के माध्यम से नगर विकास एवं आवास विभाग की 286 करोड़ रुपये की लागत से 157 महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इसके अन्तर्गत 239 करोड़ रुपये लागत की 114 योजनाओं का उ‌द्घाटन तथा 47 करोड़ रुपये की 43 योजनाओं का शिलान्यास कार्य शामिल है।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को और सुंदर बनायेंगे, इसके लिये सरकार लगातार कार्य कर रही है। नगर विकास एवं आवास विभाग के अन्तर्गत पटना नगर निगम, पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड एवं बुडको द्वारा कार्यान्वित कई योजनाओं का आज उ‌द्घाटन एवं शिलान्यास किया गया है। राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के संकल्प के अनुरूप बिहार के शहरों को आधुनिक, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और विश्वस्तरीय बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना देश के सबसे प्राचीन और गौरवशाली शहरों में से एक है तथा इसकी ऐतिहासिक पहचान को आधुनिक विकास के साथ जोड़ने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। शहर के सौंदर्यीकरण, आधारभूत संरचना के विस्तार तथा नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। अमृत 2.0 के तहत 11.44 करोड़ रूपये की 'वेस्ट टू वंडर' थीम पर आधारित लोकनायक जय प्रकाश नारायण पार्क का शिलान्यास किया गया है जिसमें लोकनायक जय प्रकाश नारायण की जीवनी भी चित्रित की जाएगी।

 यह पार्क पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता का एक अनूठा केंद्र बनेगा। साथ ही शहर को कचरा मुक्त बनाने के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है ताकि शहर साफ सुधरा दिखे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा प्रारंभ की गई नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत पटना के अधिकाधिक घरों को सीवरेज नेटवर्क से जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे गंगा नदी की स्वच्छता के साथ-साथ शहरी स्वच्छता को भी बढ़ावा मिलेगा। 

शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पूरे शहर में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप सब्जी हाट योजना लागू की जाएगी, जिससे नागरिकों को बेहतर बाजार सुविधाएं उपलब्ध होंगी और यातायात व्यवस्था भी सुगम बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी सौंदर्यीकरण एवं पर्यावरण संरक्षण को दृष्टिपथ में रखते हुए पटना स्मार्ट सिटी के तहत रिवर फ्रंट डेवलपमेंड प्रोजेक्ट, जेपी गंगा पथ तथा वन विभाग द्वारा ग्रीन एरिया डेवलपमेंट, पार्किंग, गार्डेन एवं वाकिंग पाथ-वे का भी आज उद्घाटन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के रोजगार एवं आय में वृद्धि के लिए पटना स्मार्ट सिटी के अंतर्गत आधुनिक डिजाइन के 50 दुकानों का शिलान्यास एवं 200 प्रीफैब्रिकेटेड दुकानों का उद्घाटन भी आज किया गया है इससे रोजगार सृजन के लिए बेहतर अवसर लोगों को मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में 'पाटलिपुत्र' नाम से एक नए आधुनिक टाउनशिप का सपना साकार किया जाएगा। इसके साथ ही पटना में 66 हजार एकड़ क्षेत्र में पाटलिपुत्र नाम से एक विशाल सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएगी, जहां अंतर्राष्ट्रीय स्तर की आवासीय, शैक्षणिक, स्वास्थ्य, व्यावसायिक एवं मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इन विकास योजनाओं के माध्यम से पटना न केवल आधुनिक शहरी विकास का नया मॉडल बनेगा, बल्कि अपने ऐतिहासिक गौरव और सांस्कृतिक पहचान को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य बिहार के प्रत्येक शहर को विकास, स्वच्छता और सुशासन का आदर्श केंद्र बनाना है। विकास कार्यों के माध्यम से पटना के ऐतिहासिक गौरव को पुनर्स्थापित करेंगे। कार्यक्रम को नगर विकास एवं आवास तथा सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश ने भी संबोधित किया।