नशामुक्ति का संदेश लेकर स्कूल पहुंचे डीआईजी कुमार आशीष, छात्रों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान डीआईजी कुमार आशीष ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि युवा नशे से दूर रहेंगे तो समाज और देश दोनों मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति की जिंदगी ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और भविष्य को बर्बाद कर देता है। कई बार जिज्ञासा, गलत संगत या दोस्तों के दबाव में शुरू हुआ नशा आगे चलकर गंभीर लत बन जाता है। इसलिए विद्यार्थियों को शुरुआत से ही इससे दूर रहना चाहिए।

नशामुक्ति का संदेश लेकर स्कूल पहुंचे डीआईजी कुमार आशीष, छात्रों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

DESWA DESK : सुपौल जिला मुख्यालय स्थित सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल उच्च माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कोसी क्षेत्र के डीआईजी कुमार आशीष मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ सुपौल के एसपी सरथ आरएस और साइबर थाना के एसडीपीओ गौरव गुप्ता भी मौजूद रहे। विद्यालय पहुंचने पर एनसीसी एवं विद्यालय कैडेट्स ने डीआईजी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

कार्यक्रम के दौरान डीआईजी कुमार आशीष ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि युवा नशे से दूर रहेंगे तो समाज और देश दोनों मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति की जिंदगी ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और भविष्य को बर्बाद कर देता है। कई बार जिज्ञासा, गलत संगत या दोस्तों के दबाव में शुरू हुआ नशा आगे चलकर गंभीर लत बन जाता है। इसलिए विद्यार्थियों को शुरुआत से ही इससे दूर रहना चाहिए।

एसपी सरथ आरएस ने कहा कि नशा युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को खत्म करता है। पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन इस अभियान को सफल बनाने में समाज और विद्यालयों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्रों से अच्छी संगति अपनाने और गलत गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने की अपील की। वहीं, साइबर थाना के एसडीपीओ गौरव गुप्ता ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी। 

उन्होंने फर्जी लिंक, ओटीपी, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया पर अजनबियों से सावधान रहने की सलाह दी।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ संस्कार और चरित्र निर्माण पर भी विशेष जोर देता है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने हाथ उठाकर नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम ने बच्चों में जागरूकता के साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत की।

सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट