राज्य सरकार की बड़ी पहल : छात्रों की समस्याओं का होगा ऑन-द-स्पॉट समाधान, हर माह के चौथे मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर

बिहार में छात्र-छात्राओं की समस्याओं, शिकायतों और सुझावों के त्वरित व पारदर्शी निष्पादन के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। बिहार सरकार द्वारा आज से पूरे राज्य में 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' की औपचारिक शुरुआत की गई है। इस नई व्यवस्था के तहत अब छात्रों को अपनी शैक्षणिक व प्रशासनिक समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों या आयोगों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। वे सीधे शिक्षण संस्थानों में आयोजित होने वाले शिविरों के माध्यम से अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रख सकेंगे।

राज्य सरकार की बड़ी पहल : छात्रों की समस्याओं का होगा ऑन-द-स्पॉट समाधान, हर माह के चौथे मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर

DESWA DESK : बिहार में छात्र-छात्राओं की समस्याओं, शिकायतों और सुझावों के त्वरित व पारदर्शी निष्पादन के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। बिहार सरकार द्वारा आज से पूरे राज्य में 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' की औपचारिक शुरुआत की गई है। इस नई व्यवस्था के तहत अब छात्रों को अपनी शैक्षणिक व प्रशासनिक समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों या आयोगों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। वे सीधे शिक्षण संस्थानों में आयोजित होने वाले शिविरों के माध्यम से अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रख सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने स्वयं सोशल मीडिया एक्स पर इसकी जानकारी साझा की है। उन्होंने कहा है कि - 'बिहार सरकार द्वारा विद्यार्थियों की समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों के त्वरित और समयबद्ध समाधान के लिए आज से "विद्यार्थी सहयोग शिविर" की शुरुआत की जा रही है। हर महीने चतुर्थ मंगलवार को शिक्षण संस्थानों में आयोजित होने वाले इन शिविरों में विद्यार्थी अपनी समस्याएँ सीधे सरकार और संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। साथ ही "विद्यार्थी सहयोग पोर्टल" एवं "हेल्पलाइन 1100" के माध्यम से विद्यार्थी अपनी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज कर उनकी स्थिति भी जान सकेंगे। विद्यार्थियों की हर बात सुनी जाए, हर समस्या का समाधान हो- यही संकल्प, यही प्रयास है।'

सरकार की योजना के अनुसार, राज्य के शिक्षण संस्थानों में हर महीने के चतुर्थ मंगलवार को 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में संबंधित विभागों व संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे, जो विद्यार्थियों की समस्याओं को सुनकर उनका समयबद्ध समाधान  सुनिश्चित करेंगे। शिविरों के भौतिक आयोजन के साथ-साथ सरकार ने छात्रों की सुविधा के लिए डिजिटल और टेलीफोनिक माध्यमों की भी शुरुआत की है। छात्र अपनी किसी भी प्रकार की शिकायत या सुझाव को ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करा सकते हैं। 

इसके साथ ही, दर्ज शिकायत की वर्तमान स्थिति भी ट्रैक की जा सकेगी। शिकायतों के त्वरित पंजीकरण और जानकारी प्राप्त करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1100 जारी किया गया है। राज्य सरकार ने इस पहल के जरिए संदेश दिया है कि विद्यार्थियों के हितों की रक्षा और उनके मुद्दों का समय पर निदान ही सरकार का मुख्य संकल्प है। शिक्षा मंत्री और संबंधित विभाग के अधिकारियों का मानना है कि इस व्यवस्था से छात्रों और प्रशासन के बीच संवादहीनता खत्म होगी तथा पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा।