मुजफ्फरपुर के झपहां उदनडीह मामले में विधायक अमित रानू पर शिकंजा कसने की तैयारी, एमपी-एमएलए कोर्ट से वारंट की कवायद तेज

मुजफ्फरपुर पुलिस ने विधायक के खिलाफ दर्ज मामलों और अब तक की कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को सौंप दी है। रिपोर्ट में विधायक पर भू-माफिया को कथित तौर पर संरक्षण देने जैसे गंभीर आरोपों का उल्लेख किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर पुलिस विधायक के खिलाफ जल्द ही विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट से वारंट हासिल करने की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।

मुजफ्फरपुर के झपहां उदनडीह मामले में विधायक अमित रानू पर शिकंजा कसने की तैयारी, एमपी-एमएलए कोर्ट से वारंट की कवायद तेज

DESWA DESK : मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित झपहां उदनडीह भूमि विवाद प्रकरण में सीतामढ़ी के बेलसंड से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक अमित कुमार रानू की मुश्किलें लगातार बढ़ती दिख रही हैं। स्थानीय जमीन विवाद से शुरू हुआ यह मामला अब उच्चस्तरीय प्रशासनिक व राजनीतिक गलियारों में गरमा गया है।

मुजफ्फरपुर पुलिस ने विधायक के खिलाफ दर्ज मामलों और अब तक की कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को सौंप दी है। रिपोर्ट में विधायक पर भू-माफिया को कथित तौर पर संरक्षण देने जैसे गंभीर आरोपों का उल्लेख किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर पुलिस विधायक के खिलाफ जल्द ही विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट से वारंट हासिल करने की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।

मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश मिश्रा ने बताया कि विधायक अमित कुमार रानू के खिलाफ वारंट के लिए अदालत में आवेदन देने की तैयारी की जा रही है। इससे पहले पुलिस अपनी केस डायरी को हर पहलू से मजबूत और पुख्ता कर रही है। घटनास्थल से संकलित वैज्ञानिक साक्ष्य, चश्मदीदों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों को केस डायरी में शामिल किया जा रहा है ताकि अदालत के सामने ठोस पक्ष रखा जा सके।

झपहां उदनडीह प्रकरण अब केवल जमीन पर कब्जे तक सीमित नहीं रह गया है। पुलिस ने मामले के आर्थिक पहलुओं की गहराई से पड़ताल के लिए आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) का रुख किया है। एसएसपी के अनुसार ईओयू को पत्र भेजकर विधायक की संपत्ति, आय के स्रोतों और जमीन से जुड़ी गतिविधियों में हुए वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच का अनुरोध किया गया है। ईओयू की जांच शुरू होने के बाद विधायक के आर्थिक ब्यौरे और संभावित अनियमितताओं पर से पर्दा उठ सकेगा।

यह पूरा विवाद अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां उदनडीह में जबरन निर्माण ध्वस्त करने और जमीन पर अवैध कब्जे के आरोपों से जुड़ा है। स्थानीय निवासियों के घरों और चहारदीवारी को तोड़े जाने के बाद दर्ज कराई गई प्राथमिकी में जांच के दौरान विधायक अमित कुमार रानू का नाम सामने आया है। फिलहाल, पुलिस की कई टीमें अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।