बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल : तीन आईएएस और 27 डीएसपी का तबादला, मुख्यालय में तैनात 44 अफसरों को मिली नई जिम्मेदारी

बिहार सरकार ने पुलिस और प्रशासनिक महकमे में एक साथ बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के तीन अधिकारियों और बिहार पुलिस सेवा के 27 पुलिस उपाधीक्षकों (डीएसपी) का तबादला कर दिया है। इसके साथ ही बिहार प्रशासनिक सेवा के उन 44 अधिकारियों को भी नई तैनाती दे दी गई है, जो लंबे समय से पोस्टिंग के इंतजार में मुख्यालय में सेवा दे रहे थे।

बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल : तीन आईएएस और 27 डीएसपी का तबादला, मुख्यालय में तैनात 44 अफसरों को मिली नई जिम्मेदारी

DESWA DESK : बिहार सरकार ने पुलिस और प्रशासनिक महकमे में एक साथ बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के तीन अधिकारियों और बिहार पुलिस सेवा के 27 पुलिस उपाधीक्षकों (डीएसपी) का तबादला कर दिया है। इसके साथ ही बिहार प्रशासनिक सेवा के उन 44 अधिकारियों को भी नई तैनाती दे दी गई है, जो लंबे समय से पोस्टिंग के इंतजार में मुख्यालय में सेवा दे रहे थे।

राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग और गृह विभाग ने शनिवार देर रात इस संबंध में अलग-अलग आधिकारिक अधिसूचनाएं जारी कीं। तीन आईएएस अधिकारियों को नई पोस्टिंग मिली है। 2014 बैच के आईएएस अधिकारी सुनील कुमार को बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक पद से स्थानांतरित कर वित्त विभाग में अंकेक्षण निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

2016 बैच के आईएएस अधिकारी अंजनि कुमार को पूर्णिया जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी से स्थानांतरित कर ग्रामीण विकास विभाग में नया दायित्व सौंपा गया है। वहीं, 2017 बैच के  अभय झा को ग्रामीण कार्य विभाग के अपर सचिव से स्थानांतरित कर बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम का नया प्रबंध निदेशक बनाया गया है।

इसके साथ ही, मुख्यालय में वेटिंग फॉर पोस्टिंग 44 अफसरों को भी फील्ड पोस्टिंग मिली है। मुख्यालय में पदस्थापन की प्रतीक्षा में रहे 44 बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को विभिन्न जिलों और विभागों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इनमें भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी प्रकरण के दौरान जगदीशपुर के एसडीओ रहे संजीत कुमार का नाम प्रमुख है। लगभग एक महीने से मुख्यालय में सेवा दे रहे संजीत कुमार को सरकार ने सुपौल सदर का भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) बनाया है।

गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार पटना, छपरा, आरा, बेगूसराय, वैशाली और सहरसा समेत कई जिलों व अनुमंडलों के एसडीपीओ और डीएसपी भी बदल दिए गए हैं। सोनू कुमार राय को पुलिस अधीक्षक (प्रशासन), पटना बनाया गया है। उमेश्वर चौधरी को एसडीपीओ फुलवारीशरीफ-2 की जिम्मेदारी सोंपी गई है। जिलों में जमीनी स्तर पर प्रशासनिक कार्यों और कानून-व्यवस्था की स्थिति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है। मुख्यालय में तैनात अधिकारियों को फील्ड में भेजने से विकास योजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी आने की उम्मीद है।