रंगदारी न देने पर गरीब ट्रक ड्राइवर की पटना के गोदाम में पीटकर हत्या; ड्राइवर एसोसिएशन उतरा सड़क पर, शव रख प्रदर्शन...भारी बवाल
ड्राइवर की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों और ड्राइवर एसोसिएशन के सदस्यों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने मृतक के शव को गोदाम के मुख्य दरवाजे पर रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर मौजूद ड्राइवर एसोसिएशन के अध्यक्ष उपेंद्र यादव ने कहा कि अगर शीघ्र ही दोषी गोदाम मालिक और उसके साथ पिटाई में शामिल अन्य गुंडों को अविलंब गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा नहीं दी गई तो ड्राइवर एसोसिएशन चक्का जाम पर विचार करेगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द गरीब ट्रक ड्राइवर के हत्यारों को गिरफ्तार किया जाए और कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
DESWA DESK : राजधानी पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र स्थित महुली रोड पर एक बोरा गोदाम में ट्रक ड्राइवर की पीट-पीटकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि माल भीगा होने का बहाना बनाकर गोदाम मालिक ने ड्राइवर से छह लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रकम देने से इनकार करने पर ड्राइवर की बेरहमी से पिटाई की गई जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी गोदाम मालिक व कर्मचारी मौके से फरार हैं।
मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के मोरबा प्रखंड के बनबीरा गांव निवासी रमेश राय के रूप में हुई है। रमेश रायपुर से ट्रक में बोरा लादकर दीदारगंज के महुली रोड स्थित गोदाम में अनलोडिंग के लिए पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार, गोदाम पहुंचने पर मालिक ने आरोप लगाया कि बारिश या अन्य कारण से बोरा भीग गया है और छह लाख रुपये के नुकसान की भरपाई की मांग की। मृतक के परिजन मुन्ना यादव ने बताया कि रमेश ने फोन कर परिजनों को गोदाम मालिक द्वारा बनाए जा रहे दबाव और विवाद की जानकारी दी थी।
परिजनों का आरोप है कि इसके तुरंत बाद गोदाम का शटर बंद कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई जिससे उसकी जान चली गई। ड्राइवर की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों और ड्राइवर एसोसिएशन के सदस्यों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने मृतक के शव को गोदाम के मुख्य दरवाजे पर रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर मौजूद ड्राइवर एसोसिएशन के अध्यक्ष उपेंद्र यादव ने कहा कि अगर शीघ्र ही दोषी गोदाम मालिक और उसके साथ पिटाई में शामिल अन्य गुंडों को अविलंब गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा नहीं दी गई तो ड्राइवर एसोसिएशन चक्का जाम पर विचार करेगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द गरीब ट्रक ड्राइवर के हत्यारों को गिरफ्तार किया जाए और कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
घटना की सूचना मिलते ही मोरबा से राजद विधायक रणविजय साहू भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। घटना के बाद से इलाके में भारी तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। दीदारगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार गोदाम मालिक और कर्मचारियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी। फिलहाल परिजनों के बयान पर हत्या की धारा के तहत जांच आगे बढ़ाई जा रही है।













