गोपालगंज में खाकी दागदार : 36 घंटे अवैध हिरासत में रखकर ऐंठे एक लाख 80 हजार, थानाध्यक्ष समेत चार गिरफ्तार
गोपालगंज जिले में पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला बड़ा मामला सामने आया है। जादोपुर थाने में निर्दोषों को बेवजह हिरासत में रखकर अवैध वसूली करने के खेल का पर्दाफाश करते हुए एसपी विनय तिवारी ने कड़ा एक्शन लिया है। मामले में जादोपुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष अनिल राम, पुलिस वाहन चालक राकेश कुमार, चौकीदार महंथ कुमार यादव और बिचौलिया राजू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्रवाई से पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है।
DESWA DESK : गोपालगंज जिले में पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला बड़ा मामला सामने आया है। जादोपुर थाने में निर्दोषों को बेवजह हिरासत में रखकर अवैध वसूली करने के खेल का पर्दाफाश करते हुए एसपी विनय तिवारी ने कड़ा एक्शन लिया है। मामले में जादोपुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष अनिल राम, पुलिस वाहन चालक राकेश कुमार, चौकीदार महंथ कुमार यादव और बिचौलिया राजू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्रवाई से पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है।
पूरा मामला जादोपुर थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने कुछ निर्दोष लोगों को बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के लगभग 36 घंटे तक गैरकानूनी तरीके से हिरासत में रखा। पीड़ितों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी गई और रिहाई के बदले मोटी रकम की मांग की गई। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पीड़ितों से 50 हजार, 75 हजार और 55 हजार रुपये की अलग-अलग किस्तों में कुल एक लाख 80 हजार रुपये की अवैध वसूली की।
मामले की भनक लगते ही एसपी विनय तिवारी ने विशेष जांच टीम का गठन किया। टीम की गोपनीय जांच में पीड़ितों द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह सही पाए गए। इसके बाद एसपी के निर्देश पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी थानाध्यक्ष, चालक, चौकीदार और दलाल को धर दबोचा गया। कार्रवाई के तहत थानाध्यक्ष अनिल राम और संबंधित चौकीदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले में जादोपुर थाना कांड संख्या 185/2026 दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गोपालगंज एसपी विनय तिवारी ने कहा कि पुलिस महकमे में भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और कानून के दुरुपयोग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिस किसी के खिलाफ इस प्रकार की शिकायत मिलेगी, उसपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषी चाहे कितना भी रसूख वाला क्यों न हो, इस प्रकार का गलत कार्य करने पर बख्शा नहीं जाएगा। उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













