बिहटा और आरा में अवैध खनन-ओवरलोडिंग पर बड़ी कार्रवाई, बालू माफियाओं में हड़कंप, चालान ऑफिस पर धावा क्यों ?
पटना के बिहटा-मनेर और भोजपुर के आरा में सोन नदी के तटीय इलाकों में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई की है। पुलिस और खनन विभाग की इस ताबड़तोड़ छापेमारी से बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है। हालांकि, इसी बीच बेखौफ अपराधियों ने बिहटा के महुआर स्थित एक बालू घाट के चालान ऑफिस पर धावा बोलकर करीब 1.80 लाख रुपये लूट लिए और कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दे डाली।
DESWA DESK : पटना के बिहटा-मनेर और भोजपुर के आरा में सोन नदी के तटीय इलाकों में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई की है। पुलिस और खनन विभाग की इस ताबड़तोड़ छापेमारी से बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है। हालांकि, इसी बीच बेखौफ अपराधियों ने बिहटा के महुआर स्थित एक बालू घाट के चालान ऑफिस पर धावा बोलकर करीब 1.80 लाख रुपये लूट लिए और कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दे डाली।
घाटों पर छापेमारी, कई ट्रैक्टर जब्त
सोन नद के क्षेत्रों में अवैध बालू के खेल को खत्म करने के लिए पुलिस और खनन विभाग ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया। बिहटा, मनेर और आरा के विभिन्न घाटों तथा रास्तों पर नाकेबंदी कर बिना वैध चालान और ओवरलोड बालू ले जा रहे कई को जब्त किया गया है। जब्त वाहनों को स्थानीय थानों के सुपुर्द कर दिया गया है।
बालू के अवैध कारोबार पर नकेल
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि बिना वैध कागजात और क्षमता से अधिक बालू ढोने वाले वाहनों के मालिकों और चालकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जा रही है। बालू के इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह से नकेल कसने के लिए अब चौकसी के साथ-साथ हाईटेक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। नदी के तटीय इलाकों और दुर्गम रास्तों पर ड्रोन कैमरों से पल-पल की निगरानी की जा रही है।
बिहटा में चालान ऑफिस पर धावा
एक तरफ जहां पुलिस अवैध खनन के खिलाफ सड़कों पर उतरी थी, वहीं दूसरी तरफ हथियारबंद अपराधियों ने बिहटा थाना क्षेत्र के महुआर स्थित बालू घाट पर दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दे दिया। गुरुवार की देर रात करीब दो बजे, महुआर स्थित बालू घाट संख्या 17 (ब्राह्मचारणी कंस्ट्रक्शन) के चालान ऑफिस पर एक दर्जन से अधिक नकाबपोश अपराधियों ने धावा बोल दिया।
एक लाख 80 हजार रुपये कैश लूटे
हथियारों से लैस बदमाशों ने आते ही कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों को बंधक बना लिया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। अपराधियों ने वहां रखे बैग से चालान के 1 लाख 80 हजार रुपये कैश और कर्मचारियों के चार मोबाइल फोन लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी नकाबपोश अपराधी हथियार लहराते हुए रात के अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जांच में जुटी पुलिस, खंगाले जा रहे सुराग
एक ही रात में हुई इन दो बड़ी घटनाओं से इलाके में सरगर्मी तेज है। बालू घाट पर हुई बड़ी लूट के बाद पुलिस महकमे में खलबली मची है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि महुआर बालू घाट पर हुई लूटपाट के मामले में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और अवैध बालू खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।













