सरेंडर नहीं करेंगे खान सर, वकील ने बता दिया पूरा प्लान..?
गोलीबारी और शिक्षक पर जानलेवा हमले के मामले में नामजद ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक खान सर कोर्ट में सरेंडर नहीं करेंगे। खान सर के वकील अरविंद कुमार ने साफ कर दिया है कि उनके क्लाइंट के आत्मसमर्पण करने का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता। इसके बजाय, सोमवार को कोर्ट में खान सर की ओर से अग्रिम जमानत (एंटीसिपेटरी बेल) याचिका दायर की जाएगी। शनिवार को कोर्ट का समय समाप्त होने के कारण यह याचिका दाखिल नहीं हो सकी थी। खान सर पर हत्या के प्रयास (अटेंप्ट टू मर्डर) और आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
DESWA DESK : गोलीबारी और शिक्षक पर जानलेवा हमले के मामले में नामजद ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक खान सर कोर्ट में सरेंडर नहीं करेंगे। खान सर के वकील अरविंद कुमार ने साफ कर दिया है कि उनके क्लाइंट के आत्मसमर्पण करने का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता। इसके बजाय, सोमवार को कोर्ट में खान सर की ओर से अग्रिम जमानत (एंटीसिपेटरी बेल) याचिका दायर की जाएगी।
शनिवार को कोर्ट का समय समाप्त होने के कारण यह याचिका दाखिल नहीं हो सकी थी। खान सर पर हत्या के प्रयास (अटेंप्ट टू मर्डर) और आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
मेरे क्लाइंट ने नहीं कहा कि गोली चलाओ-वकील
खान सर के वकील ने पुलिस की एफआईआर (FIR) पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि खान सर के सरेंडर करने का कोई चांस नहीं है। पुलिस ने एफआईआर में कुछ भी लिख रखा है। मेरे क्लाइंट की वजह से कोई फायरिंग नहीं हुई है। खान सर ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया कि गोली चलाओ, मैं देख लूंगा। हम कानून सम्मत तरीके से सोमवार को अग्रिम जमानत याचिका दाखिल कर रहे हैं।
इसके साथ ही, खान सर के दो निजी गार्ड्स प्रदीप और तारकेश्वर की नियमित जमानत के लिए प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी अनुराग वर्मा की अदालत में याचिका दाखिल कर दी गई है, जिस पर सोमवार को ही सुनवाई होनी है।
रातभर कोचिंग के चक्कर काटती रही पुलिस गाड़ियां
इस हाई-प्रोफाइल मामले में पटना पुलिस पर भी गिरफ्तारी का भारी दबाव है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की पूरी रात पटना पुलिस की पांच गाड़ियां अलग-अलग वक्त पर खान सर के कोचिंग संस्थान और संभावित ठिकानों पर पहुंचती रहीं, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस खान सर को गिरफ्तार नहीं कर सकी।
दूसरी ओर, अपने पसंदीदा शिक्षक पर संकट मंडराता देख सैकड़ों छात्र भी भावुक और आक्रोशित नजर आए। खान सर की गिरफ्तारी की आशंका के बीच बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स रातभर कोचिंग के बाहर सड़क पर डटे रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, पिछले दिनों पटना में कोचिंग विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प और फायरिंग में पुलिस ने खान सर पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि खान सर के इशारे और उकसावे पर ही उनके गार्ड्स ने गोलीबारी की। हालांकि, खान सर के पक्ष ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे साजिश करार दिया है। अब सोमवार को होने वाली अदालती कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।













