केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का 3 दिन का सीमांचल दौरा: पूर्णिया हाई अलर्ट, सीमा सुरक्षा पर बड़ी बैठक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज से सीमांचल के तीन दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर आ रहे हैं। 25 से 27 फरवरी तक उनका कार्यक्रम पूर्णिया, किशनगंज और अररिया में निर्धारित है। इस दौरे को सीमावर्ती सुरक्षा, घुसपैठ नियंत्रण और सामरिक रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। गृह मंत्री के आगमन से पहले ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट..........

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का 3 दिन का सीमांचल दौरा: पूर्णिया हाई अलर्ट, सीमा सुरक्षा पर बड़ी बैठक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज से सीमांचल के तीन दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर आ रहे हैं। 25 से 27 फरवरी तक उनका कार्यक्रम पूर्णिया, किशनगंज और अररिया में निर्धारित है। इस दौरे को सीमावर्ती सुरक्षा, घुसपैठ नियंत्रण और सामरिक रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। गृह मंत्री के आगमन से पहले ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं और पूर्णिया को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा, एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक कड़ी निगरानी
गृह मंत्री के आगमन को लेकर पूर्णिया एयरपोर्ट और शहर के प्रमुख इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक हर 100 मीटर पर पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई है। पार्किंग, रूट लाइनिंग और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष प्लान लागू किया गया है।स्वास्थ्य विभाग को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। इमरजेंसी स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस, मेडिकल टीम और ट्रॉमा सपोर्ट सिस्टम को पूरी तरह तैयार रखा गया है।

पहले दिन किशनगंज में समीक्षा बैठक, अधिकारियों ने किया निरीक्षण
25 फरवरी को गृह मंत्री पूर्णिया एयरपोर्ट पहुंचने के बाद हेलीकॉप्टर से किशनगंज जाएंगे। वहां समाहरणालय में सीमावर्ती मुद्दों पर समीक्षा बैठक करेंगे और रात्रि विश्राम भी किशनगंज में करेंगे।पूर्णिया में तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए डीएम, एसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की।

अररिया में सीमा चौकी का उद्घाटन और वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम की समीक्षा
26 फरवरी को गृह मंत्री अररिया में सीमा चौकी लेटी का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद भारत-नेपाल सीमा से जुड़े सुरक्षा और प्रशासनिक मुद्दों पर डीएम और एसपी के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।इसी दिन वे वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम की प्रगति की भी समीक्षा करेंगे। शाम को गृह मंत्री पूर्णिया के जीरो माइल स्थित होटल मेफेयर में रात्रि विश्राम करेंगे। उनके दौरे को लेकर शहर के अधिकांश होटल पहले से ही फुल बुक हैं।

नेपाल और बांग्लादेश सीमा से जुड़े जिलों की होगी अहम बैठक
27 फरवरी को गृह मंत्री पूर्णिया में सीमावर्ती जिलों के डीएम और एसपी के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। इस बैठक में नेपाल और बांग्लादेश सीमा से जुड़े घुसपैठ, सुरक्षा व्यवस्था और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी।सीमांचल का इलाका सामरिक रूप से बेहद संवेदनशील है क्योंकि यह सिलीगुड़ी कॉरिडोर के नजदीक स्थित है, जिसे देश की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है।

तीन दिन का प्रवास कई बड़े फैसलों का संकेत
सूत्रों के मुताबिक, सीमावर्ती सात जिलों के अधिकारियों के साथ होने वाली बैठक में सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी। यह पहली बार है जब गृह मंत्री लगातार तीन दिनों तक सीमांचल में रुककर जमीनी हालात की समीक्षा करेंगे।बैठक के बाद 27 फरवरी को गृह मंत्री दिल्ली रवाना हो जाएंगे। प्रशासन ने इस दौरे को हाई-प्रोफाइल मानते हुए सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होने देने के निर्देश दिए हैं।