तेज प्रताप–ऐश्वर्या तलाक मामला: तीसरी बार भी सुलह नहीं, अब 17 मार्च पर टिकी नजर
बिहार की राजनीति से जुड़े चर्चित तलाक मामले में एक बार फिर सुलह की कोशिश नाकाम रही है। तेज प्रताप यादव और ऐश्वर्या राय के बीच चल रहे विवाद में फैमिली कोर्ट में समझौते की तीसरी कोशिश हुई, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका। अब कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 17 मार्च की तारीख तय की है। मिली जानकारी के अनुसार, तेज प्रताप यादव फिलहाल....
बिहार की राजनीति से जुड़े चर्चित तलाक मामले में एक बार फिर सुलह की कोशिश नाकाम रही है। तेज प्रताप यादव और ऐश्वर्या राय के बीच चल रहे विवाद में फैमिली कोर्ट में समझौते की तीसरी कोशिश हुई, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका। अब कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 17 मार्च की तारीख तय की है।
मिली जानकारी के अनुसार, तेज प्रताप यादव फिलहाल नई दिल्ली में हैं। उनके वकील ने कोर्ट को बताया कि उनके पिता लालू प्रसाद यादव की तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए वे उनसे मिलने दिल्ली गए हैं। फैमिली कोर्ट के प्रिंसिपल जज सुनील दत्त पांडेय के सामने दोनों पक्षों के वकीलों की मौजूदगी में समझौते की कोशिश की गई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।
हाईकोर्ट ने भी हस्तक्षेप से किया इनकार
इससे पहले मामला पटना हाईकोर्ट तक पहुंचा था, जहां ऐश्वर्या राय की रिव्यू पिटीशन खारिज कर दी गई थी। हाईकोर्ट ने स्पष्ट कहा था कि वह इस मामले में हस्तक्षेप नहीं करेगा और दोनों पक्षों को मध्यस्थता प्रक्रिया में सहयोग करना चाहिए। इसके बाद मामला फिर से फैमिली कोर्ट में सुनवाई के लिए लौट आया।इसी बीच तेज प्रताप यादव का नाम अनुष्का यादव से जोड़े जाने की चर्चाएं भी सामने आई हैं। दावा किया जा रहा है कि अनुष्का ने उनकी संतान को जन्म दिया है। हालांकि, तेज प्रताप यादव ने इन खबरों को सिरे से खारिज किया है। कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि यदि पत्नी रहते दूसरी शादी या संबंध साबित होता है, तो यह हिंदू विवाह कानून के तहत गंभीर कानूनी मामला बन सकता है।
राजनीतिक परिवारों से है दोनों का संबंध
यह मामला इसलिए भी सुर्खियों में बना हुआ है क्योंकि दोनों ही परिवार बिहार की राजनीति में मजबूत पकड़ रखते हैं। तेज प्रताप यादव, लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के बेटे हैं। वहीं ऐश्वर्या राय, पूर्व मंत्री चंद्रिका राय की बेटी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा प्रसाद राय की पोती हैं।दोनों की शादी 12 मई 2018 को हुई थी, लेकिन शादी के करीब एक साल बाद ही रिश्ते में दरार आ गई। साल 2019 में ऐश्वर्या राय ने ससुराल में मारपीट और प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। इसके बाद विवाद बढ़ता गया और मामला तलाक तक पहुंच गया।अब इस हाई-प्रोफाइल केस में सभी की निगाहें 17 मार्च की अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां यह साफ हो सकता है कि दोनों के रिश्ते का भविष्य किस दिशा में जाएगा।













