तेज रफ्तार का कहर: पटना में दो कारों की टक्कर से मची अफरा-तफरी

पटना के खगौल-नौबतपुर मार्ग पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब स्कॉर्पियो और इनोवा कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ....

तेज रफ्तार का कहर: पटना में दो कारों की टक्कर से मची अफरा-तफरी

पटना के खगौल-नौबतपुर मार्ग पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब स्कॉर्पियो और इनोवा कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों गाड़ियों का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इस दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया।

‎सुबह एक भीषण सड़क हादसा

‎मंगलपुर स्थित खगौल-नौबतपुर मार्ग पर एनएच-139 के नकटी भवानी मंदिर के पास मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे और जैसे ही मंदिर के पास पहुंचे, संतुलन बिगड़ने के कारण आपस में टकरा गए। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग यूनिट (HPV-3) की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत एम्स पटना में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

‎घायलों की हालत अब खतरे से बाहर

‎हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। हालांकि, पुलिस और पेट्रोलिंग टीम ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कर यातायात को जल्द ही सामान्य कर दिया। जानीपुर थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि सभी घायलों की पहचान की जा रही है और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घायलों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे तेज रफ्तार से बचें और सड़क पर सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।