तपती गर्मी पर ब्रेक: बिहार में तेज आंधी-बारिश, कई जिलों में अलर्ट
झुलसाती गर्मी के बीच अचानक बदला मौसम अब बिहार के लोगों को बड़ी राहत दे रहा है—आंधी, बारिश और तेज हवाओं ने तापमान को नीचे खींच दिया है, लेकिन साथ ही अलर्ट भी बढ़ा दि....
झुलसाती गर्मी के बीच अचानक बदला मौसम अब बिहार के लोगों को बड़ी राहत दे रहा है—आंधी, बारिश और तेज हवाओं ने तापमान को नीचे खींच दिया है, लेकिन साथ ही अलर्ट भी बढ़ा दिया है।मौसम विभाग ने राज्य के 36 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 14 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 24 जिलों के लिए यलो अलर्ट घोषित किया गया है। राजधानी पटना समेत दक्षिण बिहार के कई इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
आंधी-बारिश का दौर जारी..
मौसम विभाग के अनुसार, 30 अप्रैल तक राज्य में आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले 2 से 3 दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है। हालांकि 1 मई से एक बार फिर गर्मी बढ़ने और लू चलने के आसार हैं।पिछले 24 घंटों में कैमूर में अधिकतम तापमान 41.4°C और डेहरी में 41.0°C दर्ज किया गया, जबकि पटना का अधिकतम तापमान गिरकर 33.0°C पर पहुंच गया। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली है।
दक्षिण और मध्य बिहार में हल्की से मध्यम बारिश के चलते यलो अलर्ट लागू
वहीं मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार उत्तर बिहार के जिलों जैसे किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और सुपौल में अगले 48 घंटों तक तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दक्षिण और मध्य बिहार में हल्की से मध्यम बारिश के चलते यलो अलर्ट लागू है।
पटना में आज बादल छाए रहने के साथ गरज-तड़क
वहीं राजधानी पटना में आज बादल छाए रहने के साथ गरज-तड़क और हल्की बारिश की संभावना है। विभाग के अनुसार पटना में तेज हवा चल सकती है। तापमान सामान्य से कम रहने की उम्मीद है।अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि उमस बनी रह सकती है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।













