बांकीपुर का रण : ईवीएम संग बूथों पर रवाना हुए पोलिंग कर्मी, 422 बूथों पर कल सुबह सात से शाम छह बजे तक डाले जाएंगे वोट

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरूवार यानी 30 जुलाई को होने वाले मतदान के लिए बुधवार को पोलिंग पार्टियों को ईवीएम और वीवीपैट के साथ तय डिस्पैच सेंटरों से संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया। कल सुबह सात से शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे।

बांकीपुर का रण : ईवीएम संग बूथों पर रवाना हुए पोलिंग कर्मी, 422 बूथों पर कल सुबह सात से शाम छह बजे तक डाले जाएंगे वोट

DESWA DESK : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरूवार यानी 30 जुलाई को होने वाले मतदान के लिए बुधवार को पोलिंग पार्टियों को ईवीएम और वीवीपैट के साथ तय डिस्पैच सेंटरों से संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया। कल सुबह सात से शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे।

बुधवार सुबह से ही डिस्पैच सेंटरों पर गहमागहमी का माहौल रहा। चुनाव आयोग की तय गाइडलाइन के मुताबिक सभी ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की रेंडमाइजेशन और सीलिंग की प्रक्रिया पूरी कर कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें बूथों तक पहुंचाया गया। पोलिंग एजेंटों की मौजूदगी में मशीनों की सुरक्षा जांच की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदान सामग्री पहुंचने से लेकर बूथों तक की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जा रही है।

मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए बड़ी संख्या में शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। पोलिंग ऑफिसर्स के रूप में तैनात ये कर्मचारी अपने-अपने बूथों पर मॉक पोल से लेकर अंतिम मतदान तक की पूरी प्रक्रिया संभालेंगे। वहीं, सुरक्षा के लिहाज से बांकीपुर के सभी मतदान केंद्रों को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है। संवेदनशीलता को देखते हुए बीएसएफ, सीआरपीएफ और अन्य केंद्रीय सशस्त्र बलों की कई कंपनियां तैनात की गई हैं। बूथों पर सीसीटीवी कैमरों और वेबकास्टिंग के जरिए कंट्रोल रूम से सीधी नजर रखी जाएगी।

राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो बांकीपुर का यह उपचुनाव बेहद हाईप्रोफाइल और सियासी रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। भाजपा अपने इस गढ़ को बचाने के लिए पूरी ताकत झोंक चुकी है, तो दूसरी ओर विपक्ष और जन सुराज इसे नए सियासी समीकरण में बदलने की होड़ में हैं। प्रचार का शोर थमने के बाद अब सभी की निगाहें वोटरों की चुप्पी और कल ईवीएम में बंद होने वाले उनके फैसले पर टिकी हैं। प्रशासन ने बांकीपुर के तमाम मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भीक होकर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करें और मतदान प्रतिशत में नया रिकॉर्ड बनाएं।